हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और हिसार CIA इंचार्ज पवन कुमार के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को CIA इंचार्ज का गन वाला वीडियो जारी कर जजपा जिला प्रवक्ता रवि आहूजा ने एनकाउंटर की प्लानिंग के आरोप लगाए। जजपा का दावा है कि उनके पास इसी तरह की पुलिस की 8 और क्लिप मौजूद हैं।
पार्टी का कहना है कि इन वीडियो क्लिपिंग के जरिए हरियाणा पुलिस के साथ चल रहा विवाद 27 अप्रैल तक जारी रहेगा, क्योंकि उस दिन हिसार में छात्र महापंचायत आयोजित की गई है। जजपा नेताओं का यह भी दावा है कि एक क्लिप में पुलिसकर्मी माफी मांगते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, जजपा इस विवाद को बढ़ाकर सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही है। इससे पहले भी दुष्यंत चौटाला पुलिस अधिकारियों के साथ टकराव को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने पहले तत्कालीन DGP ओपी सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी और अब DGP अजय सिंघल पर नंबर ब्लॉक करने के आरोप लगाए हैं।

