रोहतक, 31 अक्टूबर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर रोहतक में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि लौह पुरुष ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। आज युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है। गुजरात में स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आज देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं की साख को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जब कांग्रेस ने पांच सीटें जीतीं, तब उसे ईवीएम और चुनाव आयोग पर कोई सवाल नहीं था, लेकिन विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद लोकतंत्र खतरे में दिखाई देने लगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वोट चोरी के आरोप लगाने से पहले अपने भीतर झांकना चाहिए। जनता विपक्ष की इस राजनीति का जवाब देगी। भाजपा कांग्रेस की कथित अराजकता फैलाने वाली राजनीति को जनता के सामने उजागर करने के लिए प्रदेशभर में पदयात्राएं निकाल रही है।
मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों से प्रेरणा लेकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। युवाओं की ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति ही विकसित एवं सशक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
