रोहतक जिले के महम में त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों पर जांच अभियान चलाया। विभाग की टीम ने मुख्य बाजार स्थित कई मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया और मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।
जांच के दौरान अधिकारियों ने मिठाइयों की गुणवत्ता, उनमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री, रंगों के प्रयोग और दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
मिठाई किस घी से बनी, बोर्ड पर लिखना होगा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश कादयान ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि मिठाइयों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री और खाने में इस्तेमाल के लिए अनुमत रंगों का ही प्रयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि दुकानों पर स्पष्ट रूप से जानकारी देनी होगी कि मिठाइयां किस प्रकार के घी से तैयार की गई हैं। इसके लिए दुकानदारों को सूचना बोर्ड पर जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
साफ-सफाई रखने की हिदायत
अधिकारियों ने मिठाइयां बनाने और उनके भंडारण के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी गई।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
डॉ. योगेश कादयान ने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना और मिलावट पर रोक लगाना है। यदि जांच में मिलावट, प्रतिबंधित रंगों का इस्तेमाल या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

