हरियाणा में पिछले दिनों हुई बारिश और मौसमी बदलाव के बाद अब मौसम सामान्य होने लगा है। प्रदेश में नमी वाली हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार, सिरसा और बालसमंद में अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। करनाल में दिन का तापमान 21.6 डिग्री तक पहुंच गया।

सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड

HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंची हैं। इसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिला। नमी बढ़ने से सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होगी। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

किसानों को सरसों और चने की बुवाई की सलाह

मौसम को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को रबी फसलों की बुवाई शुरू करने की सलाह दी है। सरसों की RH 30 और RH 0749 किस्मों की बुवाई की जा सकती है। बीजों को 2 ग्राम कार्बेंडाजिम प्रति किलोग्राम की दर से उपचारित करने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा चने की C 235 और HC 5 किस्मों के साथ जई और बरसीम की बुवाई भी शुरू की जा सकती है।

पराली नहीं जलाने की अपील

किसानों को धान की कटाई से करीब दो सप्ताह पहले सिंचाई बंद करने और पराली नहीं जलाने की सलाह दी गई है। वहीं कपास की चुगाई ओस सूखने के बाद ही करने को कहा गया है।

मौसम में बदलाव के साथ अब प्रदेश में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!