भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में 1 नवंबर को रोहतक में आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक की। इस दौरान पदयात्रा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि 1 नवंबर को रोहतक में होने वाली पदयात्रा ऐतिहासिक होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन के आगमन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा। यह पदयात्रा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनजागरण और राष्ट्रहित के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक मिसाल बनेगी।
ग्रोवर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने से हताश है और जनता को गुमराह करने के लिए लगातार भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी कांग्रेस सवाल उठाकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की रक्षा बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती, पारदर्शिता और राष्ट्रहित के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस को जनता के जनादेश का सम्मान करना चाहिए। कांग्रेस देश मे भ्रम और अविश्वास का वातावरण बनाना चाह रही है।
पूर्व मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 1 नवंबर की पदयात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि रोहतक की धरती से उठने वाला जनजागरण का संदेश पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों और जनविश्वास को मजबूत करेगा। कार्यकर्ताओं को मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अशोक चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्षद अशोक खुराना ने भी संबोधित किया। मनसंचालन मनोज माकड़ ने किया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमित मग्गू, मंडल अध्यक्ष रॉकी सहगल, चैयरमेन नीरज यादव, चैयरमेन हरीश कौशिक, पवन आहूजा, हिमांशु ग्रोवर, पवन भाटिया, रमेश अत्रि, डिंपल जैन, दीपू नागपाल, पंकज नांदल सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।


