हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों को सस्ते दाम में सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2.30 करोड़ रुपये की नकदी और लगभग 678 ग्राम सोना बरामद किया है।

डीसीपी क्राइम हितेश यादव ने बताया कि आरोपी पहले असली सोने-चांदी के सिक्के दिखाकर भरोसा जीतते थे और बाद में बड़ी डील के दौरान नकली (पीतल) सिक्के देकर फरार हो जाते थे। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरोह बॉलीवुड से जुड़े लोगों को भी निशाना बना चुका है, जिसमें आदित्य पंचोली और सलीम खान के पीए के साथ ठगी के मामले सामने आए हैं।

ऐसे फंसाया गुरुग्राम के एक्सपोर्टर को

गुरुग्राम के एक एक्सपोर्टर ने 1 अप्रैल को सुशांत लोक थाने में शिकायत दी कि 13 फरवरी को एक व्यक्ति ने उसे सस्ते सोने-चांदी के सिक्के बेचने का ऑफर दिया। शुरुआती जांच में दिए गए सिक्के असली निकले, जिससे भरोसा बन गया।

इसके बाद आरोपी ने 2 मार्च को बड़ी डील के नाम पर एक्सपोर्टर से करीब 2.49 करोड़ रुपये नकद और 50 तोला सोना ले लिया और बदले में नकली सिक्के थमा दिए।

गुजरात तक फैला था नेटवर्क

मामले की जांच क्राइम ब्रांच-43 को सौंपी गई, जिसने गुजरात में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि, पंकज शर्मा, मनीष कमलेश शाह और ईश्वर मारवाड़ी के रूप में हुई है।

गरीब मजदूर बनकर रचते थे साजिश

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को गरीब मजदूर बताकर अमीर लोगों को निशाना बनाते थे। वे कहते थे कि खुदाई में सोना मिला है और डर के कारण वे खुद जांच नहीं करा सकते। शुरू में असली सिक्के देकर भरोसा जीतते और बाद में बड़ी रकम लेकर नकली माल देकर फरार हो जाते।

25 साल से कर रहा था ठगी

गैंग का सरगना प्रभुभाई पिछले 25 सालों से ठगी में सक्रिय है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र और गुजरात में कई मामले दर्ज हैं। ठगी के पैसों से उसने होटल खरीदा, चार शादियां कीं और “लव यू” नाम की गुजराती फिल्म भी बनाई।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दो और महिलाओं की गिरफ्तारी बाकी है, जो फिलहाल कोटा जेल में बंद हैं।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!