रोहतक, 21 अक्टूबर। हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के 2 वर्ष पूरे होने पर सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने पत्रकार वार्ता कर बीजेपी सरकार के कुशासन, वादाखिलाफी, जनविरोधी नीतियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए बीजेपी सरकार की विफलताओं को उजागर किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतार दिया है। हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। सरकार ने झूठे वायदों के आधार पर काले धन और चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर, वोट चोरी समेत हर हथकंडे अपनाकर सरकार बनायी। जो सरकार मैनेजमेंट से बनी हो जनभावना से न बनी हो वो जनता को भूल चुकी है। लेकिन हम बीजेपी को जनता से किये वायदे भूलने नहीं देंगे। भाजपा को झूठे वायदों का हिसाब और जवाब देना पड़ेगा।उन्होंने प्रजातन्त्र की रक्षा के लिए आगामी 1 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की रैली में पहुँचने का आवाहन किया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने चुनाव के समय किए गए बीजेपी के प्रमुख वायदों को एक-एक कर गिनाते हुए जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मैनेजमेंट और इंतज़ामों से बनी बीजेपी सरकार बताए उसने अपना कौन सा वायदा पूरा किया है। चुनाव के समय बीजेपी ने बड़े-बुजुर्गों को 6000 रुपये बुढ़ापा पेंशन, हरियाणा की सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 हर महीने देने, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने का वादा किया था। लेकिन सच्चाई ये है कि 5% से 10% महिलाओं को ही इस योजना में शामिल किया गया। बीजेपी सरकार ने वादा किया था कि IMT खरखौदा की तर्ज पर 10 शहरों में अति आधुनिक औद्योगिक शहर बनवाएगी और प्रत्येक ऐसे शहर में आस पास के गांव के 50,000 युवाओं को नौकरी देने के लिए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन देगी। हुड्डा सरकार के समय 6 बड़ी आईएमटी स्थापित हुई थी और बड़े पैमाने पर निवेश एवं रोजगार आया था। बीजेपी सरकार ने चिरायु आयुष्मान योजना के तहत हर परिवार को 10 लाख के मुफ्त इलाज की सुविधा, किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी देने का वायदा किया गया था। लेकिन, बीजेपी सरकार अभी तक 24 फसलें नहीं गिनवा पायी। किसानों को न बाजरे पर MSP मिल रही है न धान पर MSP मिल रही है। उन्होंने बताया कि बाजरे की MSP ₹2900 है लेकिन, सरकारी खरीद न होने से ₹900 – ₹1000 कट पर किसान को अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। तीन सीजन पहले मुख्यमंत्री ने पीआर धान की MSP ₹3100 दिलवाने का वादा किया था लेकिन MSP ₹2462 है और ₹200-₹300 कट लग रहे हैं। आज तक ₹3100 की MSP डिक्लेयर नहीं हुई। नमी का बहाना बनाकर किसानों को फंसाया जा रहा है। हरियाणा की बहुत सी मंडियों के किसानों को अपनी फसल पंजाब लेकर जाना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी ने चुनाव के समय 36 बिरादरी के गरीब, एससी, बीसी परवारों को हुड्डा सरकार की तरह 100-100 गज के प्लॉट की स्कीम दोबारा शुरू करने, पौने दो लाख HKRN के एंप्लॉई और सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया लेकिन HPSC, HSSC लिस्ट में हरियाणा से ज्यादा हरियाणा के बाहर के बच्चों को लगाया जा रहा है। बीजेपी सरकार पांच साल तक ग्रुप सी और ग्रुप डी भर्ती को लटकाये रहती है फिर चुनाव के पहले एक साथ भर्ती निकालती है। 2 साल से सीईटी नहीं करायी गयी। भाजपा सरकार कौशल निगम की कच्ची भर्तियों को भी नौकरियों में गिन रही है। जबकि, एचपीएससी चेयरमैन के 6 साल के कार्यकाल में 4500 नौकरी लगी है उसमें भी करीब 3000 बाहरी प्रदेशों के बच्चे लगे हैं। हर जिले में ओलंपिक खेलों की नर्सरी बनाने का वायदा किया था। बीजेपी बताए वो नर्सरी लाखनमाजरा, महम, रोहतक या किस जिले में कहां बनी। बीजेपी ने दिल्ली से पलवल, दिल्ली से धारूहेड़ा, दिल्ली से रोहतक और दिल्ली से पानीपत के बीच रैपिड रेल RRTS शुरु करने का वायदा किया था। जबकि हमने 82 किलोमीटर मेट्रो बनवाकर 4 शहरों को मेट्रो से जोड़ा और 4 आरआरटीएस कॉरिडोर मंजूर कराये थे। लेकिन बीजेपी सरकार ने 12 साल में एक इंच मेट्रो नहीं बनवायी न ही हमारे मंजूरशुदा आरआरटीएस का काम कराया। यही नहीं, हरियाणा पर कर्जा 70 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 5.5 लाख करोड़ रुपये हो गया। हरियाणा की ग्रोथ स्टोरी को बीजेपी सरकार ने 12 साल के कार्यकाल में पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। सत्तारूढ़ दल में बैठे लोग एक के बाद एक घोटालों में लिप्त हैं और पूरे प्रदेश में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। हरियाणा में जनता कष्ट का जीवन काट रही है और बीजेपी नेता दीनदयाल कालोनी काट रहे।

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने बिजली विभाग के निजीकरण का पुरजोर विरोध करते हुए कहा कि इससे किसानों व गरीबों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम और नूंह जैसे राजस्व जिलों की बिजली वितरण के लिए पैरेलल लाइसेंस देना प्रदेश को बेचने जैसा कदम है। इसकी कुल पूंजी मात्र एक करोड़ रुपये है। सबसे प्राफिटेबल मार्केट गुरुग्राम है। बिजली का एक तिहाई राजस्व गुरुग्राम से आता है। प्राइवेट कंपनियां सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करने की बजाए, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल, कामर्शियल और शहरी क्षेत्रों के पास इलाकों में ही बिजली आपूर्ति करेंगी व घरेलू ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों व गरीब उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं करेंगी। चलते बड़ी आबादी ऊर्जा संकट में फंस सकती है। बीजेपी सरकार कृषि उपभोक्ताओं के लिए एग्री डिस्कॉम को अलग कर रही है। ताकि प्राईवेट कंपनी को किसानों के हिस्से की बिजली आपूर्ति हो और किसानों को मिलने वाली सब्सिडी धीरे-धीरे खत्म हो जाए। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने बिजली कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि सरकार का ये फैसला आम उपभोक्ताओं के लिए भी घातक है।

उन्होंने कहा कि हर जिले में अलग अलग ओलंपिक खेलों की नर्सरी बनाने का वादा करने वाली बीजेपी सरकार बताए वो नर्सरी कौन से जिले में बनी? बीजेपी सब कुछ गुजरात ले जा रही है, बुलेट ट्रेन गुजरात में, कॉमनवेल्थ खेल कराने हों तो गुजरात में, वर्ल्ड पुलिस गेम्स हों या ओलंपिक खेल कराने हों तो गुजरात में। जब हमने कॉमनवेल्थ गेम्स हरियाणा में कराने की मांग करी तो हरियाणा की पूरी बीजेपी हमारे पीछे पड़ गयी। कॉमनवेल्थ खेल हरियाणा में होंगे तो लाखों करोड़ का बजट यहाँ खर्च होगा। स्टेडियम बनेंगे, एकेडमी बनेगी, मेट्रो रेल बनेंगी, हाईवे बनेंगे, स्पोर्ट्स विलेज बनेंगे। अगर 70% से ज्यादा गोल्ड मेडल हरियाणा के खिलाड़ी जीतकर ला रहे हैं तो मेरिट के आधार पर कॉमनवेल्थ खेल हरियाणा में होने चाहिए। जब संसद में कांग्रेस सांसद वरुण मुलाना ने सवाल पूछा तो खेल मंत्रालय ने जवाब दिया कि हरियाणा सरकार ने कोई प्रस्ताव तक नहीं भेजा।

दीपेन्द्र हुड्डा ने बीजेपी के अन्य वायदों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के समय बीजेपी ने जिला सरकारी अस्पतालों में सभी मरीज़ों के लिए डायलिसिस की मुफ्त सुविधा तथा सरकारी व निजी अस्पतालों में डायग्नोसिस की मुफ्त सुविधा, अव्वल बालिका योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक महिला छात्रा को स्कूटर, हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी, ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण पूरा कर, पलवल, झज्जर, बहादुरगढ़ और खरखौदा से चंडीगढ़ तथा मथुरा तक वंदे भारत ट्रेन, इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा, 5 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अन्य अवसर, नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन योजना के माध्यम से मासिक स्टाइपेंड, पिछड़े समाज के कल्याण के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग कल्याण बोर्ड, DA और पेंशनों को जोड़ने वाले साइंटिफिक फार्मूले के आधार पर सभी सामाजिक मासिक पेंशनों की राशि में वृद्धि, भारत के किसी भी सरकारी कॉलेज से मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति के हरियाणा के विद्यार्थियों को पूर्ण छात्रवृत्ति, हरियाणा राज्य सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग के उद्यमियों की, मुद्रा योजना के अतिरिक्त, 25 लाख रूपये के ऋण की गारंटी, हरियाणा को वैश्विक शिक्षा केंद्र बनाने, दक्षिण हरियाणा में 10,000 एकड़ का एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का अरावली जंगल सफारी पार्क स्थापित करने जैसे वायदे किये थे।

12 साल का रिपोर्ट कार्ड बताते हुए सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जो हरियाणा 2014 से पहले विकास के मामले में देश में सबसे आगे प्रदेशों में गिना जाता था, प्रति व्यक्ति आय, विकास दर, प्रति व्यक्ति निवेश में देश में नंबर एक थे। गुजरात से तीन गुना अधिक निवेश हरियाणा में आता था। खेल-खिलाड़ियों के मान-सम्मान में, किसान के हितों की नीतियों में चाहे किसानों का 1600 करोड़ बिजली बिल माफ करना हो या कोऑपरेटिव कर्ज माफी की बात हो; चाहे बिजली के स्लैब सिस्टम को लागू करने की बात हो या फसलों का उचित भाव देने की बात हो, गन्ने का सबसे ज्यादा भाव देने में हरियाणा का नाम था। कांग्रेस सरकार की गरीब कल्याण नीतियों में 4 लाख एससी, बीसी परिवार 100-100 गज के मुफ़्त प्लॉट दिए, पीने के पानी की टंकी-टोंटी की व्यवस्था की, वजीफे दिलवाए, आपस में अमन-चैन, भाईचारे में देश में सबसे आगे हरियाणा का नाम लिया जाता था। आज वो हरियाणा देश में बेरोजगारी, नशे, विदेशों में पलायन, अपराध, भ्रष्टाचार सरकार की असंवेदनशीलता और जनता की अनदेखी में नंबर वन बन गया। जिस हरियाणा में कांग्रेस सरकार के 10 साल में कोई आन्दोलन तो दूर कभी धरने पर भी नहीं बैठना पड़ा वहां आज हर वर्ष किसान आंदोलन हो रहा है। किसान आंदोलन में 750 किसानों को अपनी जान कुर्बान करनी पड़ी। हरियाणा में नशीले सामान की फोन पर होम डिलेवरी हो रही है। विदेशों से फिरौतीयों की कॉल आ रही है। बहुत से ऐसे प्रोजेक्ट हमने मंजूर कराए थे लेकिन 12 साल में इन सारे बड़े प्रोजेक्ट हरियाणा से उठाकर दूसरे प्रदेशों में भेज दिए गए। महम का इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रेल कोच फैक्ट्री, बाढ़सा एम्स परिसर के 11 में 10 राष्ट्रीय स्तर के स्वास्थ्य संस्थान, गुरुग्राम का रक्षा विश्वविद्यालय हो। बीजेपी सरकार में बैठे लोगों ने इसका विरोध करने तक की हिम्मत नहीं दिखाई।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक बीबी बतरा, विधायक शकुंतला खटक, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, आनंद सिंह दांगी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण बलवान रंगा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शहरी कुलदीप केडी, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील बल्ली, ब्लॉक अध्यक्ष कापिल खन्ना समेत अनेक स्थानीय वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!