कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में ब्लैक स्कॉर्पियो सवार युवकों ने विधि विभाग के प्रोफेसर जतिन के साथ मारपीट की, इतना ही नहीं इससे पहले वहां से गुजर रही स्कूटी सवार दो युवतियों को भी जोरदार टक्कर मार दी, जिनमें से एक युवती की हालत गंभीर है उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दूसरी की टांग में गंभीर चोट आई है।

आरोपी युवक आउट साइडर बताए जा रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंच गया है जिसके बाद आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है। प्रोफेसर को पीटने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इन घटनाओं से विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि 14 अक्तूबर को शाम 3 बजकर 55 मिनट पर विश्वविद्यालय में केंद्रीय लाइब्रेरी के समक्ष स्थित चौक पर युवकों ने पास से गुजर रही युवतियों की स्कूटी को टक्कर मारी थी, जिसमें दोनों युवतियां डिवाइडर से टकरा गईं। इस घटना का कुछ छात्र वीडियो बनाने लगे तो आरोपी युवक उनके साथ झगड़ा करने लगे।

इसी दौरान पास से गुजर रहे प्रोफेसर जतिन ने मौके पर उन्हें रोका और बात करने की कोशिश की तो बिना बात सुने ही युवकों ने प्रोफेसर पर हमला बोल दिया और उनकी पिटाई कर दी। प्रोफेसर को पीटने के बाद युवक मौके पर से अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट निकालकर भाग निकले। पूरा घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मामले में दो दिन तक कोई कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मचारी व छात्र सड़कों पर उतर आए और वीसी कार्यालय पर धरना दिया। इस मामले में कुलसचिव ने सभी शिक्षकों और छात्राओं के साथ करीब एक घंटा तक बैठक की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन शिक्षक, आरोपी युवकों पर एफआईआर दर्ज करवाने की मांग पर अड़े रहे, इसके बाद भी देर शाम तक धरना जारी रखा। उधर, घटना के संबंध में एसएचओ जगदीश टामक का कहना है कि अभी मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।

युवकों के खिलाफ केयूके थाना में शिकायत
विश्वविद्यालय के सीएसओ डॉ. आनंद का कहना है कि विवि प्रशासन की तरफ से चार लोगों के द्वारा मारपीट और रास्ता रोकने आदि के तहत पुलिस को शिकायत दी गई है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। किसी भी बिना स्टीकर वाली गाड़ी के प्रवेश पर रोक लगा दी है।

बीच बचाव के दौरा किया हमला : प्रो. जतिन
प्रो. जतिन का कहना है कि आरोपी युवक पहले युवतियों को टक्कर मारने की घटना की वीडियो बनाने से कुछ युवकों को रोक रहे थे और इसी दौरान उनकी कहा सुनी हुई। इसी में उन्होंने बचाव का प्रयास किया था लेकिन युवकों ने उन पर ही हमला कर दिया।

कुटा ने जताया कड़ा विरोध, आंदोलन की चेतावनी

कुटा प्रधान डॉ. जितेंद्र खटकड़ का कहना है कि यह प्रोफेसर की प्रतिष्ठा का सवाल है। विश्वविद्यालय परिसर में ही प्रोफेसर के साथ मारपीट हो और कार्रवाई भी न हो, यह सहन नहीं किया जाएगा, इससे हर प्रोफेसर में रोष है। आरोपी युवकों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। जल्द कार्रवाई न की गई तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!