रोहतक में रेलवे रोड स्थित एक कपड़े की दुकान पर आए दो युवको और उनके साथियों ने दुकानदार से जमकर मारपीट की और दुकान को अपना ताला लगाते बोले दोबारा दुकान खोली तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर उनमें से एक को पकड़ लिया है। बाकी की तलाश जारी है। जांच की जा रही है।
रोहतक के विजय नगर निवासी राघव गोयल ने पुलिस को बताया है कि शहर के रेलवे रोड पर बख्शी मार्केट में उसकी कपड़ों की दुकान है। शुक्रवार को दुकान पर पहले से परिचित दो भाई बीनू व अशोक काला अपने साथियों संग आ धमके। आरोपियों ने दुकान से ग्राहकों को बाहर करने के लिए कहा। विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगे। यह देख ग्राहक चले गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें भी दुकान से घसीटते हुए बाहर कर दिया। उन्होंने दुकान में दोबारा घुसने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनसे जमकर मारपीट की और दुकान पर अपना ताला लगाकर मौके से चले गए।
शिकायतकर्ता राघव ने बताया कि आरोपी उन्हें धमकी देकर गए हैं कि दोबारा दुकान खोली तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। आरोपी उनकी दुकान पर कब्जा करना चाहते हैं। मामले में थाना पुलिस का कहना है की एक आरोपी को पकड़ लिया गया है। अन्य को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
