रोहतक, 15 अक्टूबर 2026। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की रोहतक यूनिट ने रैनकपुरा खोखराकोट में एक महिला नशा तस्कर को 5.96 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
कैसे हुई कार्रवाई
यूनिट इंचार्ज इन्स्पेक्टर उमेश कुमार ने कहा की उनकी टीम रोहतक शहर में नशा-रोधी गश्त पर थी, तभी एक मुखबिर ने सूचना दी कि रैनकपुरा खोखराकोट निवासी शीला, अपने घर के सामने गली में सरेआम नशा लिए बेचने की फिराक में है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए टीम तुरंत रैनकपुरा खोखराकोट के पास पहुंची। बताए गए हुलिए से मेल खाती महिला गली में खड़ी मिली, जो पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश करने लगी, जिसे महिला कर्मचारियों की मदद से काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शीला पत्नी सुरेश, निवासी रैनकपुरा खोखराकोट, रोहतक बताया।
तलाशी और बरामदगी
राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में महिला कर्मचारी द्वारा तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपिया के बाएं हाथ में पकड़ी सफेद रंग की मोमी पन्नी बरामद हुई, जिसमें हेरोइन पाई गई। आरोपिया ने भी इसकी पुष्टि की। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर जिसका वजन 5.96 ग्राम निकला, जो इंटरमीडिएट क्वांटिटी की श्रेणी में आता है।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में थाना शहर रोहतक में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले को आगामी कार्यवाही के लिए एचएसएनसीबी यूनिट ने आरोपिया को थाना शहर रोहतक के हवाले कर दिया है। जहां पुलिस अब आरोपिया से हेरोइन की आपूर्ति के स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अपील
इन्स्पेक्टर उमेश कुमार ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस या एचएसएनसीबी को 9050891508 या 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
