हरियाणा के कैथल जिले के कलायत क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे खड़े करीब 60 वर्षीय व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। सूचना मिलते ही कलायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ किसी निजी काम से पंजाब के जीरा गांव गए हुए थे। काम पूरा होने के बाद वे सब देर रात गाड़ी में सवार होकर वापस दिल्ली लौट रहे थे। सफर के दौरान जब उनकी गाड़ी कलायत क्षेत्र में जम्मू-कटरा हाईवे पर पहुंची, तो उनके पिता राम सिंह ने गाड़ी रुकवाई। राम सिंह गाड़ी से नीचे उतरकर सड़क के एक तरफ पेशाब करने के लिए जा रहे थे, तभी पीछे से आई एक अनियंत्रित अर्टिगा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राम सिंह उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के बाद तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में नजदीकी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस अनहोनी से परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि उनका एक और भाई भी है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना के जिम्मेदार अज्ञात कार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

मामले की जांच कर रहे कलायत थाना के जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस को पीड़ित परिवार की तरफ से लिखित शिकायत मिल चुकी है। शिकायत के आधार पर अज्ञात अर्टिगा कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!