रोहतक के जिला परिवहन अधिकारी ने आयु सीमा पूर्ण कर चुके डीजल व पेट्रोल के वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। पुलिस एवं परिवहन प्राधिकरण की विशेष टीमें गठित की गई हैं।
यह टीम सुप्रीम कोर्ट और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा पेट्रोल वाहनों के लिए 15 वर्ष तथा डीजल वाहनों के लिए 10 वर्ष आयु सीमा पूर्ण कर चुके वाहनों को जब्त करेगी।
जिला परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि जिला में आयु सीमा पूर्ण कर चुके विभिन्न श्रेणियों के 7667 वाहन चिन्हित किए गए हैं। चिन्हित किए गए वाहनों में से वाणिज्य वाहन मालिकों को एक माह पूर्व नोटिस देकर अपना वाहन खुद एनडीसी या स्क्रैप द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर भेजने का समय दिया था, जो अब समाप्त हो चुका है।
वीरेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि जिले में कुल 7667 गाड़ियों की निर्धारित आयु सीमा पूरी हो चुकी है, जिसमें पेट्रोल के 1256 वाहन चिन्हित कर लिए हैं, जबकि डीजल के 6411 वाहन चिन्हित किए हैं। ऐसे वाहन मालिकों को नोटिस भेज दिए गए हैं। बावजूद इसके सड़कों पर वाहन दिखे तो उन्हें जब्त कर लिया जाएगा।
वीरेंद्र सिंह ढुल ने कहा कि आयु सीमा पूर्ण करने वाले वाहनों के मालिकों को दी गई समय सीमा समाप्त हो चुकी है। ऐसे वाहन सड़क अथवा घर पर भी मिलने पर वाहन को सीधा स्क्रैप सुविधा केंद्र भेज दिया जाएगा। स्क्रैप की राशि जिला खजाना कार्यालय में जमा करवाया जाएगा।

