यमुनानगर जिले के खारवन चौक पर शुक्रवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक हाइड्रा और क्रेन ( Hydra and Crane) के दफ्तर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग ( Firing) कर दी। हमले के वक्त ऑफिस की पहली मंजिल पर तीन दोस्त बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। बदमाशों ने सीधा निशाना साधते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस अचानक हुए हमले में मंधार गांव निवासी 50 वर्षीय रिछपाल की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर जब नीचे मौजूद वर्कर पहली मंजिल पर पहुंचे, तो वहां खून से लथपथ रिछपाल और कमलजीत पड़े मिले। तीसरे साथी गुरनील ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिछपाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दफ्तर को निशाना बनाने के तुरंत बाद हमलावरों ने मुसिंबल गांव के सरपंच की कार पर भी फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
दोहरी वारदात की खबर मिलते ही जिला पुलिस ( Police)कप्तान कमलदीप गोयल, एफएसएल टीम और स्थानीय थाने की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआती तफ्तीश में पुलिस इस बात का अंदेशा जता रही है कि मामला आपसी रंजिश या फिर किसी गैंगस्टर गिरोह की लक्षित गोलीबारी से जुड़ा हो सकता है। क्राइम ब्रांच (सीआईए) की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों (CCTV cameras) के फुटेज खंगालकर हमलावरों का सुराग लगाने में जुटी हैं।

