गुरुग्राम में सोमवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और जगह-जगह पानी भरने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर हालात इतने खराब रहे कि सड़क पर खड़ी कारें पानी में तैरती नजर आईं।
भारी जलभराव के कारण गुरुग्राम में कई मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा और करीब 10 घंटे तक यातायात प्रभावित रहने की जानकारी सामने आई है।
बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अगले दिन स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का फैसला लिया है। वहीं, कंपनियों को भी कर्मचारियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए वर्क फ्रॉम होम की एडवाइजरी जारी की गई है।
बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें पानी निकालने और यातायात व्यवस्था सुचारु करने में जुटी हैं।

