कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। किराए के मकान में रहने वाले 40 वर्षीय राजेश की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उनकी पत्नी विमला देवी पर लगा है। वारदात के बाद महिला ने कथित तौर पर मकान की छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामला कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस और पोस्टमार्टम से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजेश के पेट पर करीब 35 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव मिला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।
लिफाफे में मिले शरीर के अंदरूनी अंग
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ अंदरूनी अंग एक लिफाफे में मिलने की बात सामने आई है। जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि पोस्टमार्टम के दौरान शरीर से दाहिनी किडनी और लिवर का कुछ हिस्सा नहीं मिला। हालांकि इन तथ्यों को लेकर विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से अलग-अलग आकार के तीन चाकू भी बरामद किए हैं। इन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
सीतापुर का रहने वाला था दंपति
बताया जा रहा है कि राजेश और उनकी पत्नी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के रहने वाले हैं और करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। राजेश पेहोवा रोड स्थित एक वॉटर ट्रेडिंग कंपनी में पानी की सप्लाई का काम करते थे।
मकान मालिक के अनुसार, शनिवार शाम करीब पांच बजे कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। छत पर पहुंचने पर राजेश गंभीर हालत में मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वारदात के बाद छत से कूदी पत्नी
आरोप है कि घटना के बाद विमला देवी ने मकान की छत से छलांग लगा दी। गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया और निगरानी में रखा है।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी विवाद होने की बात सामने आई है, लेकिन हत्या के पीछे वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
महिला से पूछताछ के बाद खुलेगा राज
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी थाना पुलिस अब महिला के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगा। आवश्यकता पड़ने पर आरोपी महिला को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
