हरियाणा भाजपा में नई प्रदेश टीम के गठन के बाद अब जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने संगठनात्मक दृष्टि से बनाए गए 27 जिलों में नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। सभी नवनियुक्त प्रभारियों को तत्काल अपने-अपने जिलों में जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में प्रशासनिक तौर पर 23 जिले हैं, लेकिन भाजपा संगठन की संरचना के अनुसार 27 जिले बनाए गए हैं। पार्टी का फोकस बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने पर है।

अब जिलाध्यक्षों में बदलाव की तैयारी

नई प्रदेश कार्यकारिणी के बाद जिला प्रभारियों की नियुक्ति को संगठन में बदलाव के अगले चरण के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए जिला प्रभारी कुछ समय तक संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के बाद जिलाध्यक्षों में बदलाव की प्रक्रिया भी शुरू कर सकते हैं।

कुरुक्षेत्र में रमेश सैनी को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। उन्हें तजिंद्र सिंह गोल्डी की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। गोल्डी को जून 2026 में पद से हटाकर रमेश सैनी को कार्यकारी जिलाध्यक्ष बनाया गया था।

गोल्डी को हटाए जाने से कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर दो ऑडियो क्लिप वायरल हुई थीं। इनमें सरकारी नौकरी लगवाने या नौकरी नियमित करवाने के नाम पर पैसों के लेन-देन की बातचीत का दावा किया गया था। हालांकि, इन ऑडियो क्लिप की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इन नेताओं को मिली जिला प्रभारी की जिम्मेदारी

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार पंचकूला में रवि बतान, अंबाला में मदन चौहान, यमुनानगर में धर्मवीर मिर्जापुर, कुरुक्षेत्र में दीपक शर्मा, कैथल में अमरपाल राणा, करनाल में जवाहर यादव और पानीपत में ललित बत्रा को जिला प्रभारी बनाया गया है।

सोनीपत में राजबाला एडवोकेट, गोहाना में मीना चौहान, जींद में अशोक गुर्जर, रोहतक में विजयपाल एडवोकेट, झज्जर में हरविंद कोहली, डबवाली में रविंद्र बलियाला, सिरसा में भारतभूषण जुयाल, हांसी में प्रतिभा सुमन, हिसार में सुरेंद्र आर्य और फतेहाबाद में सुरेंद्र पुनिया को जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा भिवानी में अरविंद यादव, दादरी में शैलेंद्र पांडेय, रेवाड़ी में मदन गोयल, महेंद्रगढ़ में वरुण श्योराण, गुरुग्राम में संदीप जोशी, गुरुग्राम महानगर में राजकुमार वोहरा, नूंह में दीपक मंगला, पलवल में नागेंद्र शर्मा, फरीदाबाद महानगर में कमल यादव और फरीदाबाद में लतिका शर्मा को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया है।

चार महिलाओं को भी अहम जिम्मेदारी

भाजपा की नई नियुक्तियों में महिला नेतृत्व को भी खास महत्व दिया गया है। राजबाला एडवोकेट को सोनीपत, मीना चौहान को गोहाना, प्रतिभा सुमन को हांसी और लतिका शर्मा को फरीदाबाद का जिला प्रभारी बनाया गया है।

पार्टी के मुताबिक जिला प्रभारी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। इसके साथ ही वे पार्टी के कार्यक्रमों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नई नियुक्तियों के बाद अब भाजपा के जिला संगठन में भी बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऐसे में आने वाले समय में कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!