स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जिला पुलिस ने भी ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया है। प्लान के मुताबिक 12 अगस्त रात आठ बजे से 13 अगस्त दोपहर एक बजे तक और 14 अगस्त रात आठ बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम समाप्त होने तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रोका जाएगा।
इन वाहनों को जिले के अलग-अलग स्थानों से वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रोके जाने वाले वाहनों को खड़ा कराने के लिए कई जगह पर पार्किंग बनाई गई है।
बड़ी थाना क्षेत्र में गन्नौर फ्लाईओवर के पास नाका लगाकर पानीपत की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को रोका जाएगा। इन्हें गन्नौर से खुबड़ झाल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। मुरथल क्षेत्र में गोहाना बाईपास फ्लाईओवर के पास नाका रहेगा।
यहां से भारी वाहनों को दिल्ली की बजाय एनएच-352 की ओर भेजा जाएगा। बहालगढ़ चौक पर उत्तर प्रदेश की तरफ से आकर दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को सोनीपत की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं एनएच-334बी पर राई क्षेत्र में आने वाले भारी वाहनों को सीधे 334बी या बहालगढ़ की तरफ भेजने की व्यवस्था रहेगी।
केजीपी और केएमपी के आरंभिक बिंदुओं पर भी पुलिस नाके लगाए जाएंगे। यहां से आगे किसी भी भारी वाहन को दिल्ली की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। कुंडली में दिल्ली-हरियाणा सीमा पर पुलिस बल तैनात रहेगा और दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय कर भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोका जाएगा।
जरूरत के अनुसार वाहनों को नरेला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। खरखौदा के दिल्ली चौक बाईपास पर भी नाका लगाया जाएगा। यहां से दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को खरखौदा-सांपला रोड की तरफ भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस मुरथल की ओर से हल्दाना बार्डर से सिंघु बार्डर तक एनएच-44 पर पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। केजीपी-केएमपी जंक्शन पर भी भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि हाईवे पर जाम की स्थिति न बने।
पानीपत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा। इनमें औद्योगिक क्षेत्र बड़ी, गांव हसनपुर स्कूल का खुला मैदान, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी राई, एचएसआइआइडीसी कुंडली और एनएच-352 पर कुराड़ बाईपास की सर्विस रोड शामिल हैं।
रोके गए वाहनों को राजीव गांधी एजुकेशन सिटी समेत कई अन्य जगह बनाई गई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

