नीलोखेड़ी के पास नहर में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान हाथ पर बने ‘लव यू मॉम’ टैटू से हुई। मृतक की पहचान यमुनानगर निवासी 21 वर्षीय राहुल दहिया के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राहुल 4 अगस्त से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिलने पर जठलाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच शनिवार सुबह नीलोखेड़ी नहर में लोगों ने एक शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।

गोताखोरों ने रस्सियों से बाहर निकाला शव

सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची। ईआरवी इंचार्ज परविंद्र सिंह ने गोताखोरों को बुलाया। गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रस्सियों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, युवक के हाथ पर काली चुन्नी बंधी हुई थी। हाथ पर ‘लव यू मॉम’ और ‘आरपी’ लिखा टैटू भी बना हुआ था। इसी टैटू के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान राहुल के रूप में की।

नशे की लत की बात सामने आई

राहुल के भाई प्रवीन ने पुलिस को बताया कि राहुल नशे का आदी था। 4 अगस्त को वह अचानक घर से गायब हो गया था। परिजनों को नहर के किनारे उसकी चप्पल और परना भी मिला था। इसके बाद से परिवार उसकी तलाश कर रहा था।

पोस्टमार्टम के बाद साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के मोर्च्युरी हाउस भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

ईआरवी इंचार्ज के अनुसार, बुटाना थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। चूंकि राहुल के लापता होने का मामला यमुनानगर में दर्ज है, इसलिए आगे की कार्रवाई यमुनानगर पुलिस द्वारा की जाएगी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!