हरियाणा के करनाल में बेखौफ अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी सेक्टर-9 स्थित सनातन धर्म शिव मंदिर में देखने को मिली। पवित्र सावन मास के दौरान देर रात अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में धावा बोलकर भगवान के शृंगार से जुड़े बहुमूल्य आभूषण पार कर दिए। चोरों ने मूर्तियों से करीब सात से आठ चांदी के मुकुट, एक विशाल चांदी का छत्र और शेषनाग सहित अन्य धार्मिक सामान समेट लिया, जिसकी कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई जा रही है। सावन के महीने में हुई इस घटना ने स्थानीय श्रद्धालुओं को गहरा सदमा पहुंचाया है।

वारदात को बेहद शातिराना और योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। बदमाशों ने सबसे पहले मंदिर परिसर में सो रहे चौकीदार रामविलास के कमरे का दरवाजा बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। चौकीदार के मुताबिक, रात करीब तीन बजे जब उनकी नींद खुली तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। सुबह पूजा के लिए पहुंची महिला श्रद्धालु ने दरवाजा खोला, लेकिन तब तक चोर अपना काम निपटाकर चंपत हो चुके थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए शातिर चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे और उनका डीवीआर (DVR) तक उखाड़ ले गए।

मंदिर से महज कुछ ही दूरी पर सेक्टर-9 पुलिस चौकी स्थित है। इसके बावजूद हुई इतनी बड़ी वारदात से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासी पवन शर्मा का कहना है कि चौकी के पास स्थित धार्मिक स्थल भी अगर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। वहीं, मंदिर के पुजारी पंडित बृजबिहारी शास्त्री ने दुख जताते हुए कहा कि सावन में भगवान के आभूषणों की चोरी केवल पैसों का नुकसान नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की धार्मिक भावनाओं पर सीधा प्रहार है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास की इमारतों व सड़कों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों के सुराग जुटाने में लगी है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को दबोचकर चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!