गुरुग्राम के सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। सोसायटी के खेल परिसर में लगा भारी-भरकम बास्केटबॉल पोल अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से कार्तिक दलाल नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी रीढ़ की हड्डी तीन जगह से फ्रैक्चर हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सोसायटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद पुलिस ने सोसायटी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और सार्वजनिक सुविधाओं के उचित रखरखाव में कमी के आरोपों की जांच की जा रही है।

पहले भी की गई थी शिकायत

सोसायटी के निवासियों का आरोप है कि खेल परिसर और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का रखरखाव लंबे समय से ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा था। बास्केटबॉल पोल का आधार कमजोर हो चुका था और इसकी शिकायत कई बार प्रबंधन से की गई थी। इसके बावजूद किसी तरह की मरम्मत या सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

निवासियों का कहना है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त आसपास बच्चे मौजूद नहीं थे। यदि उस समय बच्चे खेल रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने इसे सोसायटी प्रबंधन की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गौर करने वाली बात यह है कि हरियाणा में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले रोहतक के लाखन माजरा में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हार्दिक राठी और झज्जर के बहादुरगढ़ में 15 वर्षीय अमन की बास्केटबॉल पोल गिरने से मौत हो चुकी है। अब गुरुग्राम में सामने आए इस हादसे ने एक बार फिर खेल परिसरों और सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मेंटेनेंस फंड मिलने के बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी क्यों की गई और इस लापरवाही के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!