हरियाणा के हिसार में एक फोटो स्टूडियो के चेंजिंग रूम से हिडन कैमरे मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फोटोशूट कराने पहुंची मास कम्यूनिकेशन की एक छात्रा की सतर्कता से चेंजिंग रूम में छिपाए गए दो कैमरों का खुलासा हुआ। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद कैमरे जब्त कर स्टूडियो संचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘स्टूडियो सिनेमैजिक’ की ओर से फोटोशूट और कोलैबोरेशन का ऑफर आया था। बातचीत के बाद 18 जुलाई को फोटोशूट तय हुआ। शनिवार दोपहर वह अपने दोस्त के साथ डाबड़ा चौक स्थित स्टूडियो पहुंची।
फोटोशूट के दौरान स्टूडियो संचालक प्रतीक पिलानिया ने उसे कई ड्रेस ट्राई करने के लिए दीं। तीसरी बार कपड़े बदलने के दौरान युवती की नजर चेंजिंग रूम की कार्डबोर्ड वाली दीवार में बने संदिग्ध छेदों पर पड़ी। शक होने पर उसने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाई तो दीवार के पीछे छिपे कैमरे दिखाई दिए।
युवती ने तुरंत अपने दोस्त को अंदर बुलाया। जांच करने पर दीवार अंदर से खोखली निकली। दोनों ने दीवार तोड़कर उसमें लगे दो हिडन कैमरे बाहर निकाल लिए, जो तारों से जुड़े हुए थे।
कैमरे छीनने की कोशिश का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब वह कैमरों को सबूत के तौर पर लेकर बाहर निकल रही थी, तब स्टूडियो संचालक प्रतीक और उसके पिता ने उनका रास्ता रोक लिया। दोनों ने कैमरे छीनने और उनके साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश की। हालांकि, युवती और उसका दोस्त कैमरे लेकर वहां से निकलने में सफल रहे।
112 पर कॉल, फिर शुरू हुई कार्रवाई
दोनों पास के ट्रैफिक पोस्ट पहुंचे और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो चुका था। बाद में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए कैमरे कब्जे में ले लिए और आरोपी संचालक को गिरफ्तार कर लिया।
रिकॉर्डिंग डिलीट कराने की मांग
पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि हिडन कैमरों के जरिए रिकॉर्ड की गई उसकी सभी निजी तस्वीरें और वीडियो बरामद कर तुरंत डिलीट कराई जाएं, ताकि उनका किसी भी तरह से दुरुपयोग न हो सके।
पुलिस का बयान
पुलिस ने आरोपी प्रतीक और उसके पिता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। केस की जांच एएसआई जीवन सिंह को सौंपी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कैमरों में पहले से कितनी रिकॉर्डिंग मौजूद थी और कहीं अन्य लोगों की निजता भी तो भंग नहीं हुई।
