हरी झंडी दिखाए जाने के एक दिन बाद यानी शनिवार को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन नहीं चली। शुक्रवार को ही जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। अब ट्रेन रविवार (19 जुलाई) से पटरी पर लौटेगी। सप्ताह में 6 दिन चलेगी और हर शुक्रवार मेंटेनेंस के लिए वीकऑफ रहेगा।
दरअसल, रेलवे मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा नया शेड्यूल जारी किया गया है। ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच 89.1 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें 3200 किलोवाट के दो इंजन लगे हैं। ट्रेन नंबर 74010 (जींद–सोनीपत) सुबह 07:40 बजे जींद से रवाना होकर सुबह 09:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 74009 (सोनीपत–जींद) सुबह 10:40 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर 12:40 बजे जींद पहुंचेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं में जींद सिटी, गोहाना और मोहाना सहित कुल 12 मध्यवर्ती स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन के निर्माण में जिंदल स्टेनलेस ने भी भूमिका निभाई है। ट्रेन को तैयार करने के लिए कुल स्टेनलेस स्टील का लगभग 40 फीसदी हिस्सा जिंदल स्टेनलेस ने सप्लाई किया है। कंपनी के हरियाणा के हिसार और ओडिशा के जाजपुर स्थित वर्ल्ड-क्लास प्लांट्स से विशेष तौर पर तैयार किया गया प्रीमियम ऑस्टेनिटिक स्टेनलेस स्टील भेजा गया है।

शुक्रवार को उद्घाटन यात्रा के दौरान हाइड्रोजन ट्रेन का गोहाना, सोनीपत सहित विभिन्न स्टेशनों पर भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शंखनाद, फूलों की वर्षा और पूजा-अर्चना के साथ लोगों ने इस ट्रेन का अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में लोग ट्रेन को देखने और उसके साथ तस्वीरें लेने के लिए रेलवे स्टेशनों पर पहुंचे। हालांकि उद्घाटन के अगले दिन शनिवार को ट्रेन का संचालन नहीं किया गया।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित सफर उद्घाटन के बाद यानी 17 जुलाई से आम यात्रियों के लिए भी शुरू हो जाएगा। जींद-साेनीपत रेलखंड पर चलने वाली इस ट्रेन में यात्री पैसेंजर ट्रेनों की तरह वापसी में सोनीपत से जींद की तरफ जाते समय सामान्य किराया देकर यात्रा कर सकेंगे।
ये ट्रेन 14 स्टेशनों का सफर कराएगी। जींद से सोनीपत तक का अधिकतम किराया 25 रुपये रहेगा। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर सोनीपत पुलिस कमिश्नरी के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर अस्थायी रूप से पाबंदी लगाई गई है।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद से सुबह 11 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उद्घाटन यात्रा में ट्रेन की दो बोगियां रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, विशेषज्ञों और विशेष अतिथियों के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष बोगियों में पांच स्टेशनों से 200-200 विद्यार्थियों सहित कुल 1000 विद्यार्थी सफर करेंगे।
इनमें पांडु पिंडारा, गोहाना, लाठ, मोहाना और सोनीपत स्टेशन शामिल हैं। ट्रेन का संचालन 74010 और 74009 सेवाओं के रूप में होगा। नियमित संचालन के दौरान ट्रेन प्रतिदिन सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में सुबह 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर एक बजे जींद पहुंचेगी। ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।
जींद जंक्शन से रवाना होने के बाद ट्रेन जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना, बड़वासनी होते हुए सोनीपत जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में भी सभी स्टेशनों पर इसी क्रम में ठहराव रहेगा।
