हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने CET ग्रुप-D के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अहम रिमाइंडर जारी किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि अब नजदीक है और उम्मीदवारों के पास फॉर्म भरने के लिए केवल 5 दिन का समय बचा है।आयोग के अनुसार पात्र अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। HSSC ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक या तकनीकी दिक्कतों के कारण किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
आयोग ने कहा है कि आवेदन फॉर्म भरते समय सभी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें और जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड करें। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी विवरणों की दोबारा जांच अवश्य करें, क्योंकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।HSSC अध्यक्ष हिम्मत सिंह द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार रविवार तक कुल 7,50,845 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें से 5,22,019 उम्मीदवार अपने आवेदन फॉर्म को फाइनल सबमिट भी कर चुके हैं।
आयोग की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक 3 जुलाई रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। इसके बाद अभ्यर्थियों को 6 जुलाई तक आवेदन शुल्क जमा कराने का अवसर मिलेगा। वहीं 7 जुलाई से 9 जुलाई तक आवेदन पत्र में हुई गलतियों को सुधारने के लिए करेक्शन विंडो खुली रहेगी।HSSC ने सभी उम्मीदवारों से समय रहते आवेदन पूरा करने और अंतिम तारीख का इंतजार न करने की सलाह दी है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या के कारण उनका आवेदन अधूरा न रह जाए।
