सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम ने पैरोल खत्म होने से एक दिन पहले पुराने डेरे के रेनोवेशन (नवीनीकरण) का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम की कई बातें चर्चा में रहीं।

समारोह में हनीप्रीत इंसा सबसे आगे नजर आईं। हनीप्रीत का असली नाम प्रियंका तनेजा है और वह राम रहीम की करीबी शिष्या व मुंहबोली बेटी मानी जाती हैं। लंबे समय बाद वह राम रहीम के साथ किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में दिखाई दीं।

पैरोल पर बाहर आने के बाद यह पहला मौका बताया जा रहा है, जब राम रहीम सार्वजनिक रूप से नजर आया। इससे पहले वह डेरे के अंदर ही रहा या वीडियो के माध्यम से अनुयायियों से जुड़ता रहा।

राम रहीम ने अपनी निगरानी में डेरे के नवीनीकरण का काम कराया है। डेरे में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यहां तीन बड़े गेट बनाए गए हैं, जबकि साध-संगत के ठहरने के लिए होटल की सुविधा भी तैयार की गई है। इसके अलावा चारों ओर बने गेटों पर हाथी की प्रतिमाएं भी लगाई गई हैं, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

हालांकि, डेरे में अभी भी कुछ निर्माण कार्य जारी है। शुक्रवार को पैरोल अवधि पूरी होने के बाद राम रहीम को वापस रोहतक की सुनारिया जेल जाना है। इससे पहले उन्होंने डेरे के नवीनीकृत हिस्से का शुभारंभ कर उसे संगत के लिए खोल दिया। कार्यक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं।

डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 30 दिन की पैरोल पर 26 मई सुबह 6.30 बजे रोहतक की सुनारिया जेल से आया था और करीब सवा 9 बजे सिरसा डेरे पहुंचा। तब से पुराने डेरे का निर्माण कार्य देख-रेख में करवाया। निर्माण कार्य के चलते परदा डाला गया था। इस दौरान अनुयायियों को मोबाइल से वीडियो और फोटो खींचने की मनाही थी।

साध्वियों के यौन उत्पीड़न में उम्रकैद की सजा काट रहे राम रहीम की ये 16वीं पैरोल या फरलो है। इस साल के पहले 5 महीनों में ही वह दूसरी बार जेल से बाहर आया है। जनवरी-2026 में उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी और वह फरवरी में ही वापस जेल लौटा था। वर्ष 2017 में सजा होने के बाद डेरा प्रमुख को इससे पहले 16 बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!