रोहतक के डी पार्क अग्निकांड में जान गंवाने वाले तीन लोगों के परिवारों को सरकार की ओर से बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुरूप मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि भेज दी गई है।
गौरतलब है कि डी पार्क क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। अब सरकार ने अपने वादे को पूरा करते हुए सहायता राशि जारी कर दी है।
मृतकों में कपिल (50), अमन (38) और सौरभ उर्फ रोहित (19) शामिल हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सहायता राशि सीधे परिजनों के खातों में ट्रांसफर की गई है ताकि प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सके।
सरकार की इस पहल से शोकग्रस्त परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी सरकार द्वारा त्वरित सहायता राशि जारी किए जाने का स्वागत किया है।


