पंचकूला के कालका में हिमाचल प्रदेश की एक महिला शिक्षक के आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सामने आया है कि शिक्षिका अनिता अपने पति के कथित अफेयर और मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी। पुलिस को उसके कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें लिखे सुसाइड नोट में उसने पति और अपनी एक महिला मित्र पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले में पुलिस ने आरोपी पति रघुवीर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं पोस्टमॉर्टम के बाद अनिता का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव बरयाल में कर दिया गया।
कमरे में फंदे से लटका मिला था शव
जानकारी के अनुसार, 22 जून को कालका स्थित किराये के कमरे में अनिता का शव फंदे से लटका मिला था। शव डिकम्पोज होना शुरू हो चुका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि पति से विवाद के बाद अनिता ने 20 जून को ही आत्महत्या कर ली थी।
2012 में हुई थी शादी
सोलन जिले के बरयाल गांव निवासी अनिता की शादी वर्ष 2012 में सिरमौर जिले के सरावा गांव निवासी रघुवीर के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद उनके घर बेटे शौर्य का जन्म हुआ, जिसकी उम्र वर्तमान में 12 वर्ष है।
अनिता अपने सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति के साथ गुरुग्राम में रहती थी। अगस्त 2024 में उसकी नियुक्ति हिमाचल प्रदेश में जेबीटी अध्यापिका के रूप में हुई, जिसके बाद वह कालका में किराये पर रहने लगी।
दोस्ती से शुरू हुआ विवाद
नौकरी के दौरान अनिता की एक अन्य महिला शिक्षक से दोस्ती हुई। पुलिस जांच में सामने आया है कि बाद में उस महिला का संपर्क अनिता के पति रघुवीर से भी हो गया। आरोप है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए।
कुछ समय बाद अनिता को मोबाइल चैट के जरिए इस संबंध की जानकारी मिली। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
भाई ने कई बार कराया समझौता
अनिता के भाई देवीचंद के अनुसार, उन्होंने कई बार दोनों के बीच समझौता करवाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। आरोप है कि रघुवीर अनिता के सामने ही स्पीकर ऑन कर अपनी कथित गर्लफ्रेंड से बात करता था, जिससे वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी।
सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
पुलिस को अनिता की डायरी से मिला सुसाइड नोट जांच का अहम हिस्सा बन गया है। नोट में अनिता ने लिखा है कि उसका पति उसकी ही एक दोस्त के साथ मिलकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
उसने लिखा कि पति उसे गाली देता था, अपमानित करता था और उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी। नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों उसके सामने बातचीत कर उसे शर्मिंदा करते थे और लगातार मानसिक तनाव देते थे।
अनिता ने अपने बेटे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है। उसने लिखा कि बच्चे को भारी दवाइयां दी गईं, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई थी।
‘इन दोनों को कड़ी सजा मिले’
सुसाइड नोट के अंत में अनिता ने लिखा कि वह इस मानसिक प्रताड़ना से हमेशा के लिए मुक्त होने जा रही है। उसने प्रशासन से अपील की कि उसके पति और महिला मित्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें कड़ी सजा मिले।
आरोपी पति गिरफ्तार
कालका थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पति रघुवीर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
