रोहतक में इनेलो के युवा जिलाध्यक्ष बल्लू प्रधान को जान से मारने की धमकी मिली है। जिसके बाद से परिवार डरा हुआ है। इनेलो नेता आज एसपी से मुलाकात करके धमकी देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करेंगे। साथ ही परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की जाएगी।

प्रदेश में राजनेताओं को एक के बाद एक धमकी मिलने के मामले सामने आ रहे है। इनेलो के सुप्रीमो अभय चौटाला को भी धमकी मिल चुकी है, वहीं पूर्व विधायक बलराज कुंडू को भी धमकी मिली थी। हाल ही में महम के कांग्रेस विधायक के कार्यालय पर फायरिंग हुई और कल शाम इनेलो के युवा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी मिली है।

इनेलो नेता बल्लू प्रधान ने बताया कि उसका 17 वर्षीय बेटा आकाश गांव खेड़ी साथ मंदिर में कल शाम को इलेक्ट्रिक स्कूटी से जा रहा था। आईएमटी वाले सुनसान रास्ते पर जब उसका बेटा पहुंचा तो एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट की स्कार्पियो गाड़ी आई और बेटे का रास्ता रोक कर धमकी दी।

बल्लू प्रधान ने बताया कि स्कार्पियो गाड़ी में 5-6 लोग थे, जिन्होंने बेटे आकाश से कहा कि तेरे पिता बहुत हवा में उड़ रहे है। उसे समझा देना, वरना जान से मार देंगे। आरोपी धमकी देकर वहां से चले गए। इसके बाद आकाश ने अपने पिता बल्लू प्रधान को फोन करके घटना के बारे में बताया। बल्लू प्रधान ने तुरंत आईएमटी पुलिस को सूचना दी।

इनेलो के जिलाध्यक्ष नफे सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। पहले व्यापारियों, उद्योगपतियों व सर्राफा व्यापारियों को धमकी मिल रही थी, अब नेताओं को धमकी मिलने लगी है। इससे साफ है कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे है। कानून नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही।

आईएमटी थाना पुलिस ने बताया कि उन्हें एक युवक को धमकी देने की सूचना मिली है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित युवक से भी बात की। पुलिस मामले में गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही धमकी देने वाले आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!