हरियाणा के रोहतक जिले के गांव सिंहपुरा में किराए के मकान में रहने वाली एक किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रोहतक के डेड हाउस भेजा गया है।

मृतका की पहचान अंजली के रूप में हुई है। मामले में नया मोड़ तब आया जब अंजली के पिता दीपक ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई। दीपक गांव बैंसी के रहने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रीना काफी समय से गांव सिंहपुरा में प्रीति और उसकी मौसी के साथ किराए के मकान में रह रही थी। उनकी बेटी अंजली भी वहीं रहती थी।

दीपक का कहना है कि उन्हें न तो बेटी से मिलने दिया जाता था और न ही पत्नी से खुलकर बात करने दी जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रीति और उसकी मौसी ने उनकी बेटी को बहका रखा था और उन्हीं दोनों ने मिलकर अंजली की हत्या की है।

काका की तेहरवीं की सूचना देने आया था पिता

दीपक ने बताया कि उसके काका की तेहरवीं सोमवार को होनी है। इसी बारे में सूचना देने के लिए वह सिंहपुरा आया था, लेकिन यहां पहुंचकर उसे बेटी की मौत की जानकारी मिली। उसने कहा कि उसकी शादी को करीब 20 साल हो चुके हैं और पहले परिवार में कोई विवाद नहीं था, लेकिन पिछले कुछ समय से प्रीति और उसकी मौसी के कारण परिवार में दूरियां बढ़ गई थीं।

बेटी और पत्नी से मिलने नहीं देते थे

दीपक के अनुसार वह कई बार पत्नी और बेटी को वापस घर ले जाने के लिए आया, लेकिन हर बार उसे मिलने से रोक दिया गया। पड़ोसियों से मिली जानकारी के आधार पर उसने दावा किया कि अंजली का घटना से पहले प्रीति और उसकी मौसी के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था।

नौकरी पर गई थी मां, फोन आने पर पहुंची घर

मृतका की मां रीना ने बताया कि घटना के समय वह नौकरी पर गई हुई थी। इसी दौरान उसे फोन पर सूचना मिली कि उसकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंची। रीना ने कहा कि उसे नहीं पता कि अंजली ने ऐसा कदम क्यों उठाया।

जांच में जुटी पुलिस

थाना बहुअकबरपुर के एसएचओ महेश ने बताया कि किशोरी के फांसी लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!