रोहतक, 18 जून। हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि जिला में आज रखी गई आधारशिला एवं लोकार्पित परियोजनाओं से सिंचाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इन परियोजनाओं से हजारों एकड़ कृषि भूमि को लाभ मिलेगा तथा अनेक गांवों में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
श्रुति चौधरी स्थानीय ने स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह में जिला में सिंचाई, जल निकासी एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 38 करोड़ 44 लाख 88 हजार रुपये की लागत से छह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि पहली परियोजना के तहत गांव सिमली की आबादी क्षेत्र में रोहतक लिंक ड्रेन के आरडी 1100 से 1750 तक आरसीसी ट्रफ का निर्माण किया गया है। इस कार्य पर एक करोड़ 64 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है तथा इससे 500 एकड़ क्षेत्र को लाभ मिलेगा।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि दूसरी परियोजना के अंतर्गत गांव लाढौत के निचले क्षेत्रों से वर्षा एवं बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 900 मिमी व्यास की एनपी-3 आरसीसी भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई है, जिससे पानी को मकड़ौली लिंक ड्रेन के आरडी 8600/एल तक पहुंचाया जाएगा। इस परियोजना की लागत एक करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है तथा इससे 300 एकड़ क्षेत्र और लाढौत एवं भैयापुर गांवों को लाभ मिलेगा।
श्रुति चौधरी ने कहा कि तीसरी परियोजना के तहत गांव आसन में 900 मिमी एवं 600 मिमी व्यास की एनपी-3 आरसीसी भूमिगत पाइप लाइन तथा पंप हाउस का निर्माण किया गया है। इसके माध्यम से आसन लिंक ड्रेन के कैचमेंट क्षेत्र से बाढ़ के पानी की प्रभावी निकासी सुनिश्चित होगी। इस परियोजना पर 3 करोड़ 6 लाख रुपये से अधिक की राशि खर्च की गई है और इससे 800 एकड़ क्षेत्र को लाभ मिलेगा। चौथी परियोजना के अंतर्गत स्थानीय दिल्ली बाईपास के निकट बहुमंजिला कार्यशाला (मल्टी-स्टोरी वर्कशॉप) भवन का निर्माण किया गया है। इस भवन के निर्माण पर 5 करोड़ 36 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है।
सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि पांचवीं परियोजना के तहत गढ़ी-सांपला-किलोई, महम एवं कलानौर विधानसभा क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा से संबंधित निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 13 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के पूरा होने पर 10,550 एकड़ क्षेत्र को लाभ मिलेगा तथा आसन, धामड़, किलोई, गांधरा, चुलियाना, ईस्माइला, सांपला, खरावड़, पाकस्मा, सैमान, बहलबा, बलंभा, भैणी मातो, भैणी सुरजन एवं भैणी भैरो सहित अनेक गांवों को जलभराव से राहत मिलेगी।
श्रुति चौधरी ने कहा कि छठी एवं सबसे बड़ी परियोजना के अंतर्गत झज्जर सब ब्रांच का आरडी-0 से आरडी-62107 तक रीमॉडलिंग कार्य किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 14 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जायेगी तथा इससे 32,500 एकड़ कृषि भूमि को लाभ मिलेगा। इसके अंतर्गत रोहतक शहर, कन्हेली, सुनारियां कलां, बालंद, रिटौली, कबूलपुर, डीघल एवं गोच्छी सहित क्षेत्रों की सिंचाई एवं जल निकासी व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं के पूर्ण होने से जिला में जल निकासी व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, बाढ़ एवं जलभराव की समस्या में कमी आएगी, सिंचाई सुविधाएं बेहतर होंगी तथा किसानों और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिलेगी, जिससे जिला के समग्र विकास को बल प्राप्त होगा।
रोहतक पहुंचने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर :-
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी को स्थानीय कैनाल विश्राम गृह पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, वरिष्ठ नेता दीपक निवास हुड्डा, एडवोकेट अनीता बुधवार, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता सतपाल दलाल, कार्यकारी अभियंता राजीव राठी, अरूण मुंजाल, अंशुल कादयान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
