रोहतक, 18 जून। शहर के घनी आबादी वाले और व्यस्त बाजार क्षेत्रों में अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने की मांग उठी है। वार्ड नंबर-7 के पार्षद कपिल नागपाल ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर के मध्य क्षेत्र में एक अतिरिक्त अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) स्थापित करने की मांग की है।
पार्षद कपिल नागपाल ने अपने पत्र में कहा है कि दिल्ली रोड, झज्जर रोड, गोहाना अड्डा, तिलियार मोड़, किला मोहल्ला, पुराना बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। इन क्षेत्रों की आबादी लगभग 50 हजार से अधिक है और दिनभर बाजारों में हजारों लोगों की आवाजाही बनी रहती है। संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
उन्होंने हाल ही में रोहतक के डी-पार्क क्षेत्र में हुई भीषण आगजनी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से भविष्य में जान-माल के बड़े नुकसान की आशंका बनी रहती है। इसलिए शहर के मध्य क्षेत्र में अग्निशमन सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।
पत्र में सुझाव दिया गया है कि नगर निगम के अधीन संचालित बहुमंजिला शहीद भगत सिंह मार्केट की एक मंजिल पर अग्निशमन केंद्र स्थापित किया जाए, ताकि किसी भी आगजनी की स्थिति में फायर ब्रिगेड की टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सके और नुकसान को कम किया जा सके।
पार्षद ने नगर निगम प्रशासन से मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है, जिससे शहर के मुख्य बाजारों और आसपास के रिहायशी क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!