हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक गेस्ट हाउस में ठहरी 23 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में युवती मृत अवस्था में मिली। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार माधोगढ़ निवासी वर्षा सोमवार शाम करीब 5 बजे ऑटो से एक गेस्ट हाउस पहुंची थी। गेस्ट हाउस संचालक के मुताबिक युवती ने कुछ घंटों के लिए कमरा मांगा और बताया कि वह नहाकर किसी कार्यक्रम में जाएगी। पहचान पत्र जमा कराने के बाद उसे कमरा नंबर-210 आवंटित कर दिया गया।
रात करीब सवा 9 बजे युवती के परिजन गेस्ट हाउस पहुंचे और उसके बारे में पूछताछ की। संचालक और परिजन जब कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
डायल-112 पर दी सूचना
स्थिति संदिग्ध लगने पर गेस्ट हाउस संचालक ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद कमरे का लॉक तोड़कर दरवाजा खोला गया। अंदर युवती अचेत अवस्था में पड़ी मिली। जांच के दौरान कमरे में जहरीला पदार्थ भी मिला।
गेस्ट हाउस संचालक ने बताया कि कमरे के बाहर तक तेज गंध महसूस हो रही थी। दरवाजा खोलने के बाद भी कमरे के अंदर से दुर्गंध आ रही थी।
परिजनों ने युवक पर लगाए आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि वर्षा का रिश्ता एक युवक के साथ तय हुआ था और वह सोमवार को उससे मिलने आई थी। परिजनों के अनुसार युवती महेंद्रगढ़ में लाइब्रेरी में पढ़ाई करने के लिए आती थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित युवक सुबह करीब 11 बजे से शाम 4 बजे तक युवती के साथ था। दोनों ने एक होटल में खाना भी खाया था। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
शहर थाना प्रभारी पंकज ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे यादव गेस्ट हाउस में एक युवती की मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया गया, जहां युवती का शव और संदिग्ध जहरीला पदार्थ मिला।
पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मंगलवार को परिजनों की शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
