हरियाणा के हिसार जिले में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के गांव खरड़ के पास एक कोठरे में महिला की लाश बरामद हुई। महिला के हाथ रस्सी से बंधे हुए थे, जबकि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। मुंह खून से सना हुआ मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह खेतों की ओर जा रहे लोगों ने कोठरे में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। महिला की उम्र करीब 40 से 42 वर्ष बताई जा रही है। उसके हाथ पर ‘पासोरानी’ और ‘सीमारानी’ नाम लिखे हुए हैं, जिनके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।

फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि हत्या घटनास्थल पर नहीं की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान कोठरे में लाकर फेंक दिया गया। घटनास्थल के आसपास कार के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे इस आशंका को बल मिला है।

पुलिस के अनुसार, रामायण टोल प्लाजा के पास स्थित एक फैक्ट्री के साथ से गांव खरड़ के खेतों की ओर जाने वाला रास्ता इस कोठरे तक पहुंचता है। आशंका है कि आरोपियों ने इसी सुनसान मार्ग का इस्तेमाल कर शव को ठिकाने लगाया।

अब पुलिस टोल प्लाजा, फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहनों और आरोपियों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है।

सदर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!