उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में हरियाणा के युवकों से जुड़ा एक और विवाद सामने आया है। रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को सड़क किनारे गिराकर लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना 9 जून की रात करीब 10:15 बजे ऋषि नगर इलाके में हुई। आरोप है कि गुरुग्राम नंबर की दो कारों में सवार होकर आए 8 युवकों की एक स्थानीय दिव्यांग युवक से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।

वाइन शॉप के बाहर हुआ विवाद

पीड़ित युवक कवि कुमार ने रायपुर थाने में दी शिकायत में बताया कि वह सहस्रधारा रोड स्थित एक वाइन शॉप के पास मौजूद था। इसी दौरान हरियाणा नंबर की दो गाड़ियों में कुछ युवक वहां पहुंचे। किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर उस पर हमला कर दिया।

शिकायत के अनुसार, सभी युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने उसे सड़क किनारे गिराकर लात-घूंसों से पीटा। हमले में उसे कई चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर सहस्रधारा क्रॉसिंग की ओर फरार हो गए।

दोनों पैरों से दिव्यांग है पीड़ित

मयूर विहार निवासी कवि Kumar दोनों पैरों से दिव्यांग है। उसने पुलिस को बताया कि आठ अज्ञात हमलावरों ने उसके साथ गंभीर मारपीट की, जिससे उसे कई चोटें आई हैं। पीड़ित ने मेडिकल रिपोर्ट और घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंप दिया है।

गाड़ियों के नंबर आए सामने

पीड़ित के पास मौजूद वीडियो में आरोपियों की दो गाड़ियों के नंबर भी दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक स्विफ्ट कार का नंबर HR55AT2836 और दूसरी आई-20 कार का नंबर HR26BM1733 बताया गया है।

आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

पीड़ित ने मयूर विहार चौकी प्रभारी और रायपुर थाना पुलिस से गाड़ियों के नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी युवकों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!