रोहतक में इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें मंजीत कन्हेली शिवाजी कॉलोनी थाने में पुलिसकर्मियों के साथ बहस करते दिख रहे है। साथ ही पुलिस व मंजीत के बीच हाथापाई भी हो रही है। हालांकि यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है, जिसमें कोई केस तक दर्ज नहीं हुआ था।

बताया जा रहा है कि शिवाजी कॉलोनी थाने में अक्टूबर 2025 में सुनारियां गांव की एक पंचायत आई थी, जिसमें इनेलो नेता मंजीत कन्हेली को भी बुलाया था। मामले में थाने के अंदर ही पुलिस के साथ मंजीत की गहमा-गहमी हो गई। मंजीत कन्हेली व पुलिस के बीच बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच हाथापाई तक होने लगी। जिसका वीडियो भी बनाया जा रहा था।

झगड़े के बाद लोगों ने बीच बचाव करते हुए मामले को शांत करवाया। थाने के अंदर झगड़ा होने के बाद भी मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया और ना ही कोई वीडियो उस समय बाहर आया। अब पहले अभय चौटाला द्वारा डीसी को धमकाने व विधायक अर्जुन चौटाला द्वारा 4 दिन पहले डीसी को धमकाने व एसपी को गाली देने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।

इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली पर अपनी ही बहन की 2025 में एमडीयू गेट के बाहर हत्या करने का केस चल रहा है। मंजीत कन्हेली की बहन किसी लड़के के साथ प्रेम करती थी और मंजीत कन्हेली इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर मंजीत ने अपनी बहन को बहाने से बुलाकर उसकी हत्या कर दी थी। यह मामला कोर्ट में चल रहा है और मंजीत मामले में जमानत पर बाहर है।

अक्टूबर 2025 में थाने के अंदर हुए झगड़े में पुलिस की तरफ से कोई केस क्यों दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के साथ थाने में ही झगड़ा होना अपने आप में बड़ी बात है। फिर एसएचओ की ऐसी क्या मजबूरी रही कि उन्होंने केस दर्ज करने की बजाय मामले को ही खत्म कर दिया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।

इनेलो के प्रदेश सचिव मंजीत कन्हेली ने कहा कि पार्टी की छवि को धूमिल करने के लिए पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। कुछ लोग उसे इस वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल भी कर रहे है। यह अक्टूबर 2025 का वीडियो है और मामला थाने में ही खत्म भी हो गया था।

मंजीत कन्हेली ने कहा कि अब इस वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर पार्टी को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसको लेकर जल्द ही पुलिस में शिकायत भी करेंगे। साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी इसके बारे में जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!