हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा यानी (HTET) की परीक्षा देना वाले परीक्षार्तियों को अभी और इंतज़ार करना पड़ेगा, क्योंकि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने परीक्षा को पोस्टपोन कर दिया है। इससे पहले शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार शर्मा ने परीक्षा की तारीखों का ऐलान किया था। उनके अनुसार परीक्षा 13 और 14 जून को आयोजित होनी थी।
हालांकि, 26 मई को बोर्ड चेयरमैन का पदभार संभालने वाले शंकर धुप्पड़ ने HTET परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया है। फिलहाल नई परीक्षा तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। इस फैसले का असर करीब 2.45 लाख अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, जो लंबे समय से परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।
डॉ. पवन शर्मा ने 25 मई को परीक्षा शेड्यूल जारी करते हुए बताया था कि एचटेट परीक्षा को तीन अलग-अलग सत्रों में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 13 जून को इवनिंग सेशन में परीक्षा होनी थी, जबकि 14 जून को मॉर्निंग और इवनिंग दोनों सत्रों में एग्जाम आयोजित करने की योजना बनाई गई थी।
पूर्व चेयरमैन ने परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सख्त नियम भी लागू किए थे। उन्होंने कहा था कि यदि कोई अभ्यर्थी अपनी OMR शीट में 20 से अधिक प्रश्न खाली छोड़ता है तो उसकी परीक्षा रद्द मानी जाएगी। बोर्ड का मानना था कि इससे बाद में OMR शीट में छेड़छाड़ या हेराफेरी जैसी संभावनाओं पर रोक लगेगी।
इसके अलावा जनगणना कार्य में लगे अध्यापकों को एचटेट ड्यूटी से छूट देने का भी फैसला लिया गया था। बोर्ड ने स्पष्ट किया था कि Census ड्यूटी निभा रहे शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में नहीं लगाई जाएगी, ताकि उन पर अतिरिक्त कार्यभार न पड़े।
फिलहाल परीक्षा स्थगित होने के कारण अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर बोर्ड द्वारा जारी की जाने वाली नई परीक्षा तारीखों पर टिकी है।
