हरियाणा के नूंह में मंगलवार सुबह पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर एंबुलेंस में गोवंश ले जा रहे हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा, तीन खाली खोखे और दस जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही चार गोवंश और एक ईको कार को कब्जे में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

अपराध जांच शाखा नूंह के प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को गो-तस्करों द्वारा वाहन में गोवंश ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। नूंह-उटावड़ रोड पर जयसिंहपुर गांव के पास जैसे ही तस्कर पहुंचे, पुलिस ने नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।

हालांकि, आरोपियों ने वाहन को तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।

पीछा करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमास खान निवासी उटावड़ नामक गो-तस्कर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

आरोपियों के भागने की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं। नूंह सदर थाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने गो-तस्करी, अवैध हथियार रखने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!