नगर निगम गुरुग्राम द्वारा जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले पांच कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम सिटी थाना में एफआइआर दर्ज कराई गई है।

मामला जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर निगम के चार्ज ऑफिसर एवं जोनल टैक्सेशन ऑफिसर-3 राजेश यादव की शिकायत के अनुसार, संबंधित कर्मचारियों को 29 और 30 अप्रैल 2026 को जनगणना 2027 कार्य के लिए एन्यूमरेटर नियुक्त किया गया था। उन्हें हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटित किए गए थे, लेकिन समीक्षा के दौरान पाया गया कि पर्याप्त समय बीतने के बाद भी उन्होंने अपने ऐप आईडी पर एक भी एंट्री नहीं की।

शिकायत में कहा गया है कि कर्मचारियों को कई बार निर्देश दिए गए और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया, इसके बावजूद उन्होंने जनगणना कार्य शुरू नहीं किया। आरोप है कि कुछ कर्मचारियों ने अनिवार्य प्रशिक्षण में भी भाग नहीं लिया और सरकारी निर्देशों की अवहेलना की, जिससे जनगणना कार्य प्रभावित हुआ।

एफआईआर में संदीप, हंसराज, कुलदीप, राजेश कुमार और अमित कुमार के नाम शामिल हैं। सभी पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं।

गुरुग्राम सिटी थाना पुलिस ने 17 मई की रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!