करनाल में भाजपा नेता एडवोकेट चौधरी विजयपाल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोपी ने विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर पूरे परिवार को हैंड ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद करनाल पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है और परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।जानकारी के अनुसार भाजपा नेता चौधरी विजयपाल, हरियाणा के पूर्व डिप्टी स्पीकर स्वर्गीय चौधरी वेदपाल के बेटे हैं। विजयपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार रात उन्हें एक विदेशी नंबर से वॉट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को “बराड़” बताते हुए धमकी दी कि वह हैंड ग्रेनेड से पूरे परिवार को खत्म कर सकता है।आरोपी ने बातचीत के दौरान 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी और कहा कि “पुलिस से जितना बच सकते हो बच लो, लेकिन मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं।” आरोपी ने कॉल के दौरान चौधरी वेदपाल के नाम का भी जिक्र किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए करनाल पुलिस ने विजयपाल के घर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। घर के आसपास आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज गीता ने बताया कि कॉल की लोकेशन और आरोपी की पहचान के लिए टेक्निकल टीम जांच में जुटी हुई है।पारिवारिक सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता चौधरी विजयपाल जल्द ही इस मामले को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात कर सकते हैं।बता दें कि 5 मई को करनाल के एनडीआरआई चौक स्थित विजयपाल के घर के बाहर बने पुलिस सुरक्षा बूथ पर NHAI द्वारा बुलडोजर चलाया गया था। यह बूथ एनएचएआई की सीमा में होने के कारण हटाया गया था।वहीं, विजयपाल के परिवार पर पहले भी हमला हो चुका है। 9 मार्च 1984 को मधुबन के पास उनके पिता चौधरी वेदपाल की गाड़ी पर करीब 80 राउंड फायरिंग की गई थी। इस हमले में चौधरी वेदपाल बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर की मौत हो गई थी और गनमैन घायल हो गया था।स्वर्गीय चौधरी वेदपाल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत गांव कैड़रौली (यमुनानगर) से पंच के रूप में की थी। इसके बाद वे मार्केट कमेटी रादौर के चेयरमैन बने। वर्ष 1982 में घरौंडा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक चुने गए और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर बने। वे हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड और ऑल इंडिया मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वर्ष 2023 में 84 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था।
