हरियाणा के पानीपत में बहू से परेशान होकर सास-ससुर द्वारा सुसाइड करने के मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि बेटे आशीष के व्यवहार में भी शादी के बाद बड़ा बदलाव आ गया था। वहीं, बहू और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती
परिजनों के मुताबिक, पानीपत के गांव नारा निवासी राजेश और सुमन का इकलौता बेटा आशीष सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली की रहने वाली स्नेहा के संपर्क में आया था। दोनों की पहचान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर हुई और करीब दो साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद जनवरी 2025 में परिवार की रजामंदी से लव-कम-अरेंज मैरिज हुई थी।
शादी के शुरुआती दिनों में सब सामान्य रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद घर में विवाद बढ़ने लगे।
पहनावे और लाइफस्टाइल को लेकर बढ़ा विवाद
मृतक राजेश के बड़े भाई रमेश वर्मा ने आरोप लगाया कि स्नेहा दिल्ली के मॉडर्न माहौल में पली-बढ़ी थी और गांव के माहौल में खुद को ढालने को तैयार नहीं थी। परिवार के अनुसार, वह शादी के बाद भी छोटे कपड़े पहनकर पब और बार में जाती थी तथा सोशल मीडिया पर रील्स बनाने का शौक रखती थी।
इसी बात को लेकर सास-ससुर अक्सर उसे समझाते थे, लेकिन धीरे-धीरे यह विवाद घरेलू कलह में बदल गया।
बहू और उसके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप
रमेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि स्नेहा अपने माता-पिता और बहन के कहने पर घर में लगातार क्लेश करती थी। परिवार का आरोप है कि वह सास-ससुर को धमकी देती थी कि अगर उसकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वह उन्हें चैन से नहीं जीने देगी।
सुसाइड से पहले भाई को किया फोन
रमेश के मुताबिक, शनिवार सुबह उनके भाई राजेश का फोन आया था। फोन पर वह रो रहे थे। उन्होंने कहा- “मैं बहू स्नेहा और उसके परिवार से बहुत परेशान हो चुका हूं, अब मैं जहर खा रहा हूं।”
इतना कहने के बाद फोन कट गया। रमेश तुरंत गांव के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उन्हें पता चला कि राजेश और उनकी पत्नी सुमन सल्फास निगल चुके हैं।
इलाज के दौरान दोनों की मौत
जहर खाने के बाद दोनों को पहले निजी अस्पताल और फिर पानीपत सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में राजेश को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान राजेश की भी मौत हो गई।
एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
बहू समेत 4 लोगों पर केस दर्ज
मतलौडा थाना प्रभारी SI राकेश कुमार ने बताया कि मृतक के भाई रमेश की शिकायत पर बहू स्नेहा, उसके पिता सतीश वर्मा, मां मंजू और बहन स्वीटी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
