कुरुक्षेत्र जिले के ठोल गांव में पिता के भोग पर छुट्टी लेकर आए जेल हेडवार्डर कुलदीप सिंह की अचानक मौत हो गई। वह खेत में पशुओं के बाड़े में काम करवा रहे थे और मजदूरों व मिस्त्री के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका मुंह टेढ़ा हो गया और वह जमीन पर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद उनके बेटे साहिल सांगवान उन्हें तुरंत अंबाला के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट फेलियर बताया है।

पिता के भोग में शामिल होने आए थे गांव

साहिल ने बताया कि उनके दादा करनैल सिंह का 19 अप्रैल को निधन हो गया था। 4 मई को भोग कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें शामिल होने के लिए कुलदीप सिंह 3 मई को छुट्टी लेकर गांव आए थे। उन्हें छह दिन की छुट्टी मिली थी और 8 मई को दोबारा जिला जेल कैथल में ड्यूटी जॉइन करनी थी।

“ड्यूटी पर जाने से पहले काम पूरा करवाना चाहते थे”

परिवार के अनुसार, भोग कार्यक्रम के बाद कुलदीप सिंह घर और खेत के छोटे-मोटे कामों में जुट गए थे। 7 मई को खेत में पशुओं के बाड़े में बरसात से पहले मिट्टी भराव का काम चल रहा था। साहिल ने बताया कि उन्होंने पिता से आराम करने को कहा था, लेकिन उन्होंने जवाब दिया कि अगले दिन ड्यूटी पर जाना है, इसलिए पहले काम पूरा करवाना चाहते हैं।

दोपहर करीब 12 बजे वह मिस्त्री के साथ हंसी-मजाक कर रहे थे, तभी अचानक उनका मुंह टेढ़ा हो गया और वह बेसुध होकर गिर पड़े। साहिल ने उन्हें संभालते हुए CPR देने की कोशिश की और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।

2002 में बने थे कांस्टेबल, चार साल पहले मिली थी प्रमोशन

साहिल के मुताबिक, उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। कुलदीप सिंह वर्ष 2002 में हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। करीब चार साल पहले उन्हें प्रमोशन मिला था और वह जिला जेल कैथल में हेडवार्डर के पद पर तैनात थे।

परिवार में पत्नी और बेटा ही बचे

कुलदीप सिंह अपने पीछे पत्नी सुनीता और बेटे साहिल को छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!