रोहतक शहर के एक होटल में जब 4 युवकों से नाइट कर्फ्यू के दौरान शोर न मचाने के लिए कहा गया तो चारों युवकों ने होटल स्टाफ से गाली गलौज कर हाथापाई शुरू कर दी। जिसके बाद स्टाफ ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें होटल से बाहर निकाला, लेकिन कुछ देर बाद ही चारों युवक लगभग 2 दर्जन साथियों के साथ होटल में आए और लाठी-डंडों से होटल में जमकर तोड़फोड़ के साथ–साथ स्टाफ को भी पीटा और 50 हजार रुपए भी लूट कर फरार हो गए। जिसके बाद होटल के स्टाफ ने थाना पीजीआईएमएस में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
पीजीआई अस्पताल के नजदीक स्थित होटल एपिक के कर्मचारी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया है कि शनिवार देर रात भिवानी का रहने वाला मुकेश नामक युवक अपने तीन साथियों के साथ उनके होटल में आया और कमरा नंबर 207 बुक कर लिया। जब चारों युवक कमरे में चले गए तो उनके कमरे से जोर-जोर से आवाज आने लगीं। रात 11 बजे के बाद का समय होने की वजह से होटल के स्टाफ ने उनसे शोर न मचाने के लिए कहा तो इस पर चारों युवक भड़क गए और स्टाफ के साथ मारपीट की। शोर सुनकर होटल के आसपास रहने वाले पड़ोसी आ गए और सभी ने मिलकर चारों युवकों को होटल से बाहर निकाल दिया।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र ने बताया कि युवकों को होटल से बाहर निकालने की घटना के 1 घंटे बाद ही मुकेश अपने 20-22 अन्य साथियों क साथ होटल में आ गया। सभी के हाथ में लाठी-डंडे और रॉड थी। सभी युवकों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद मुकेश और उसके साथियों ने होटल की अलमारी में रखे 50 हजार रुपए लूट लिए और सभी आरोपी फरार हो गए।
मामले में पीजीआईएमएस थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। होटल और इसके बाहर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और वह गिरफ्त में होंगे।
