हरियाणा की पहली महिला पहलवान विधायक Vinesh Phogat को अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (International Testing Agency) ने डोपिंग परीक्षण के लिए तय समय पर मौजूद नहीं रहने के मामले में नोटिस जारी किया है।

आईटीए द्वारा 4 मई 2026 को भेजे गए पत्र के अनुसार, 18 दिसंबर 2025 को प्रतियोगिता से इतर हुए परीक्षण के दौरान विनेश अपने बताए गए स्थान पर उपलब्ध नहीं थीं। एजेंसी ने 19 जनवरी 2026 को दी गई उनकी सफाई की समीक्षा के बाद इस “मिस्ड टेस्ट” को औपचारिक रूप से रिकॉर्ड कर लिया है। उन्हें इस नोटिस पर जवाब देने के लिए 7 मई तक का समय दिया गया है।

इससे पहले 5 जनवरी 2026 को भी आईटीए ने उन्हें पत्र भेजकर इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि यह नोटिस सीधे तौर पर डोपिंग रोधी नियमों का उल्लंघन नहीं माना जाता, बल्कि “व्हेयरअबाउट्स फेल्योर” के तहत चेतावनी के रूप में दर्ज किया जाता है।

नियमों के मुताबिक, United World Wrestling और World Anti-Doping Agency के प्रावधानों के तहत यदि कोई खिलाड़ी 12 महीनों के भीतर तीन बार परीक्षण के लिए मौजूद नहीं रहता या अपने लोकेशन अपडेट में चूक करता है, तो इसे डोपिंग उल्लंघन माना जाता है। ऐसे मामलों में खिलाड़ी पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

आईटीए के अनुसार, 18 दिसंबर को एक डोपिंग कंट्रोल अधिकारी (DCO) तय 60 मिनट की विंडो के दौरान विनेश को उनके बताए गए स्थान पर नहीं ढूंढ पाया था।

हालांकि एजेंसी ने अपने नोटिस में यह भी माना है कि उस दिन विनेश हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र में हिस्सा लेने के लिए बेंगलुरु से चंडीगढ़ गई हुई थीं, जिससे उनका रूटीन प्रभावित हुआ। साथ ही हाल ही में उनके घर बच्चे के जन्म के कारण उनकी निजी जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं।

आईटीए ने यह भी उल्लेख किया कि विनेश ने परीक्षण के दौरान सहयोग किया और अधिकारी को अपनी लोकेशन की जानकारी दी।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही विनेश फोगाट ने एक वीडियो जारी कर खुद को उन महिला खिलाड़ियों में शामिल बताया था, जिन्होंने Brij Bhushan Sharan Singh के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दी है। उन्होंने गोंडा में आयोजित होने वाले सीनियर ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में जाने पर भी आपत्ति जताई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!