रोहतक जिले के ब्लॉक सांपला में नगर पालिका चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने गए प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। रात को चुनाव के लिए सतीश नांदल को गाड़ी से उतरने भी नहीं दिया और नारेबाजी करते हुए वापस लौटा दिया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल रात को भाजपा उम्मीदवार प्रवीण कोच के पक्ष में वोट मांगने ब्राह्मण मोहल्ले में गए थे। इसी दौरान लोगों ने भाजपा पार्टी व सतीश नांदल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले 11 साल से भाजपा की सरकार है, पिछले चेयरमैन भी भाजपा के रहे, लेकिन आज तक वह मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे है।
सांपला के ब्राह्मण मोहल्ले में भाजपा के विरोध से एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। भाजपा से बागी ब्राह्मण उम्मीदवारों ने कटाक्ष करना शुरू कर दिया है कि अगर भाजपा किसी कार्यकर्ता को टिकट देती तो विरोध का सामना नहीं करना पड़ता।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जिन लोगों ने सतीश नांदल का विरोध किया, वो लोग कांग्रेस के हैं। 5 राज्यों में चुनाव का परिणाम आने के बाद विपक्ष के लोग अपनी हार को पचा नहीं पा रहे। जिसके कारण ऐसे विरोध करवाकर अपनी हार को भुलाने में लगे हुए है।
भाजपा नेता सतीश नांदल का कहना है कि सांपला में भाजपा की स्थिति मजबूत है और लोग भाजपा की नीतियों से खुश है। सांपला में इस बार भी कमल खिलेगा और क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन हर जगह भाजपा को लोगों का समर्थन मिल रहा है।

