नगर निगम, रोहतक द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम रोहतक द्वारा घर-घर से कूड़ा उठान प्रणाली में RFID तकनीक लागू की जा रही है। जिसके तहत एजेंसी द्वारा प्रत्येक वार्ड में, प्रत्येक घर/दुकान/संस्थान पर RFID टैग लगाए जा रहे है। ऐसा होने से जब एजेंसी की गाड़ी किसी घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा उठाएगी, तो उस घर पर लगा RFID टैग स्कैन किया जाएगा, स्कैनिंग के बाद संबंधित जानकारी SWM पोर्टल पर स्वतः दर्ज हो जाएगी। इस तकनीक के माध्यम से यह आसानी से ज्ञात किया जा सकेगा कि किस घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा उठाया गया है और किन घर/दुकान/संस्थान से नहीं। ऐसा होने से कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही एवं निगरानी की सटीकता सुनिश्चित होगी। नगर निगम को दैनिक आधार पर यह जानकारी प्राप्त होगी कि किस घर/दुकान/संस्थान से कूड़ा उठान का कार्य किया गया है।
निगम आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि RFID टैग लगाने के कार्य को सफाई शाखा के अधिकारियो/कर्मचारियो को आदेश दिए गए कि यह सुनिश्चित किया जाये कि उनके सम्बन्धित वार्ड क्षेत्र में प्रत्येक घर पर RFID टैग लगाया जाए। नगर निगम का उद्देश्य शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह तकनीकी व परिणाम आधारित बनाना है। RFID टैगिंग प्रणाली से नागरिकों को यह भरोसा रहेगा कि उनके घर से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को भी क्षेत्रवार स्थिति की रियल टाइम जानकारी प्राप्त होगी।
नगर निगम रोहतक ने नागरिको से अपील की है कि वे अपने-अपने घर/दुकान/संस्थान पर RFID टैग अवश्य लगवाये व उसे खराब न करें क्योकि RFID टैग स्कैन करने उपरांत ही कूड़ा लिया जाना है जोकि सम्बन्धित एजेन्सी की जिम्मेदारी है। RFID टैग लगाने में पूर्ण सहयोग दें ताकि घर-घर से कूड़ा उठान का कार्य सुनिश्चित किया जा सके तथा किसी भी नागरिक को कूड़ा देने के कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
