कांग्रेस के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी का आरोप लगाया। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया के सामने आंकड़े भी पेश किए। इसके बाद हरियाणा में भाजपा संगठन और सरकार दोनों ही अपने-अपने स्तर पर काउंटर करने की तैयारी में हैं।
इस बारे में हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- जल्द ही राहुल गांधी के हर आरोप का जवाब देंगे।
सत्ताधारी BJP के नेता भी संगठन स्तर पर रणनीति बनाने में जुटे हैं। कांग्रेस के नेता दिल्ली पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने वोट चोरी के खिलाफ प्रदेश भर में सड़कों पर उतरने की तैयारी शुरू कर दी है।
राहुल गांधी ने कहा कि फॉर्म 6 और फॉर्म 7, जिससे वोटरों को जोड़ा और घटाया जाता है, महादेवापुरा और आलंद के बाद चुनाव आयोग ने इसका डेटा देना बंद कर दिया है। हरियाणा में बल्क वोटर्स के जरिए भयानक वोट चोरी हुई है।
राहुल ने कहा कि यहां 19 लाख बल्क वोटर्स हैं। किसी एक घर में 66, किसी एक घर में 108 तो किसी एक घर में 501 वोटर्स रहते हैं। ऐसे हजारों उदाहरण हैं। चुनाव आयोग का नियम है कि अगर किसी घर में 10 से ज्यादा वोटर्स हों, तो जाकर जांच की जाती है, वेरिफाई किया जाता है। यहां कोई जांच नहीं हुई है।
राहुल गांधी के इन दावों के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी ऑफिस अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चुनाव अधिकारी 2004 बैच के आईएएस अधिकारी ए श्रीनिवासन ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सभी आरोपों का डिटेल्ड उत्तर दिया जाएगा। इसे लेकर उन्होंने हरियाणा मुख्य चुनाव अधिकारी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X पर भी पोस्ट किया है।
5 नवंबर को पंचकूला के नाडा साहिब गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व के बाद CM नायब सैनी राहुल गांधी के आरोपों पर सीधे तौर पर कुछ कहने से बचते नजर आए। बोले- इस विषय पर मैं टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा, लेकिन देश को गुमराह करने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं। कांग्रेस ने देश को लगातार देश को पीछे धकेलने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब को आगे ले जाने की बात करते हैं, लेकिन कांग्रेस उन्हें रोक रही है। कांग्रेस मुद्दा विहीन हो गई है। मैं इस पर समय आने पर जरूर बोलूंगा।
वहीं, पूर्व सीएम व हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- चुनाव आयोग को हमारे नेता राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने सबूतों के साथ वोट चोरी का भंडाफोड़ किया है। उन्होंने जो गंभीर आरोप लगाए हैं, इससे आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठना लाजिमी है। यह सिर्फ हरियाणा का नहीं, बल्कि पूरे देश और हमारे लोकतंत्र का सवाल है।
चुनाव आयोग को अपना काम निष्पक्षता से करना चाहिए, जो वो नहीं कर रहा। हमने बार-बार कहा है कि इलेक्शन बैलेट पेपर से करवाए जाने चाहिए। इस बार भी बैलेट पेपर की काउंटिंग में कांग्रेस 73 सीटों पर लीड कर रही थी, लेकिन ईवीएम की गिनती में पिछड़ गई। जबकि पिछले 5 चुनावों के नतीजे बताते हैं कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।

