गैस कंपनी संचालक विजेंद्र

हरियाणा के रोहतक शहर में तीन बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने गैस कंपनी कर्मचारी से स्विफ्ट डिजायर कार लूट ली। कार सवार शहर के एक रेलवे फाटक पर फाटक के खुलने का इंतजार करने के लिए खड़ा था। इस बीच तीन युवकों ने लिफ्ट मांगने के बहाने पहले शीशे नीचे करा लिए। इसके बाद रिवॉल्वर दिखाकर उसे कार से नीचे उतार दिया। जैसे ही वह उतरा, दूसरा युवक कार में ड्राइविंग सीट पर बैठ गया और अन्य दोनों युवक भी बैठकर कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाना रोहतक सिटी में बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

गोहाना निवासी विजेंद्र ने पुलिस को बताया है कि गुरुवार को वह अपनी ससुराल रोहतक स्थित पहाड़ मोहल्ला में आए थे। यहां से रात 10 बजे दिल्ली स्थित अपनी इंद्रप्रस्थ गैस कंपनी के लिए निकले थे। रोहतक में ही लाढ़ोत रोड पर उन्हें सनसिटी रेलवे हाइट फाटक के बंद होने पर रुकना पड़ा। फाटक के खुलने का इंतजार कर ही रहे थे कि तीन युवकों ने शीशे को खटखटाते हुए लिफ्ट मांगी। उन्होंने बातचीत करने के लिए कार के शीशे नीचे किए तो उन में से एक ने उनकी कनपटी पर रिवॉल्वर तान दी और गाली गलौज करते हुए कार से नीचे उतरने के लिए कहा। वह कार से नीचे उतरे तो तीनों बदमाश कार में सवार होकर कार लेकर फरार हो गए।

पीड़ित विजेंद्र ने बताया है कि तीनों बदमाशों ने शॉल ओढ़ रखी थी। उन सभी की उम्र 30 से 32 वर्ष के आसपास थी। ऐसा लग रहा था कि वह शहर के ही किसी लोकल इलाके के रहने वाले हैं। मामले में रोहतक सिटी थाना पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। रोड किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!