हरियाणा में लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सुबह-शाम हो रही धुंध के कारण तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। यदि आंकड़ों को देखें तो 24 घंटे में महेंद्रगढ़ की रातें शिमला जैसी ठंडी दर्ज की गई हैं। यहां का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश के 4 जिलों में प्रदूषण तेजी से बढ़ा है। भिवानी में AQI 488 दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा है कि 30 अक्टूबर यानी आज से 2 नवंबर तक मौसम में बदलाव रहने के आसार बन रहे हैं। उत्तर और उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी, जबकि दिन के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
1 नवंबर को हरियाणा में ठंडी हवाओं का अनुभव होगा। सुबह का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान रहेगा, जबकि दिन में तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दिन आसमान साफ रहेगा, जबकि 2 नवंबर को मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन बादल छाने की संभावना है। तापमान में मामूली गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
3 नवंबर को हरियाणा में हल्की वर्षा के संकेत मिल सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन बारिश की संभावना 30 प्रतिशत तक हो सकती है। तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
हरियाणा में मौसम बदलाव के साथ ही प्रदेश में प्रदूषण भी तेजी से बढ़ा है। 4 जिले ऐसे रिकॉर्ड किए गए हैं, जहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है। इनमें भिवानी जिले का AQI 488, चरखी दादरी 396, फरीदाबाद 399 और धौरेरा का 376 रिकॉर्ड किया गया है। वहीं 24 घंटे पहले पंचकूला में प्रदूषण के हालात बदल गए थे, यहां का AQI 334 तक पहुंच गया था।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 30 अक्टूबर से 2 नवंबर के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा।
दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने के साथ-साथ रात्रि के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान फिर से उत्तर और उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है।
