रोहतक से धार्मिक स्थानों की यात्रा के लिए राज्य परिवहन रोहतक की तरफ से 5 AC बसों की शुरुआत की गई, जो रोजाना यात्रियों को लेकर धार्मिक स्थलों पर जाएंगी। रोडवेज की AC बसों का शुभारंभ मेयर रामअवतार वाल्मीकि, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, डीसी सचिन गुप्ता व रोडवेज जीएम विपिन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि सरकार की तरफ से रोजाना किसी ना किसी परियोजना का उद्घाटन किया जा रहा है। इसी कड़ी में रोहतक डिपो से 5 एसी बस धार्मिक स्थलों के लिए शुरू की गई है, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा। यात्रियों को एसी बसों का अधिक आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ेगा, क्योंकि इनका किराया सामान्य से 50 रुपए ही अधिक है।
रोडवेज जीएम विपिन कुमार ने बताया कि राज्य परिवहन रोहतक की तरफ से 5 एसी बस धार्मिक स्थानों के लिए शुरू की गई हैं, जिनमें वृंदावन, मेहंदीपुर, बालाजी, हरिद्वार व हल्द्वानी शामिल है। रोजाना बस धार्मिक स्थलों पर रवाना होंगी और अगले दिन वापस आएंगी। एसी बस रोडवेज की सामान्य बसों के साथ ही चलाई गई हैं।
जीएम विपिन कुमार ने बताया कि रोहतक से वृंदावन का किराया 357 रुपए रहेगा। ऐसे ही अन्य स्थानों के लिए किराया निर्धारित किया गया है। यह किराया सामान्य बसों से डेढ़ गुना के करीब है, लेकिन यात्रियों को एसी बस की सभी सुविधा सफर के दौरान मिलेंगी। बस रोहतक से दोपहर 12:10 बजे चलेगी और वृंदावन से सुबह 5 बजे वापस आने के लिए चलेगी।
जीएम विपिन कुमार ने बताया कि रोडवेज ने छठ पूजा के लिए तैयारी कर ली है। कर्मचारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। स्टाफ पूरा तैनात रहेगा और सभी बसों को रूटों पर लगाया गया है। सिटी बसों को भी अतिरिक्त मांग के अनुसार सड़कों पर उतारा जाएगा। रोडवेज की 171 बस हैं, जो रूटों पर चल रही है।
जीएम विपिन कुमार ने बताया कि वृंदावन व हरिद्वार के रूटों पर यात्रियों की डिमांड अधिक है, जिसके कारण एसी बसों को लंबे रूट पर लगाया गया है। बहुत कम ऐसा होता है कि किसी रूट पर यात्री नहीं मिलते तो उस रूट को बंद किया जाता है। लेकिन इन रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा है।

