चंडीगढ़ में देवेंद्र बबली के मंत्री पद शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेकर लौट रहे फतेहाबाद के युवकों की कार पटियाला में बाईपास के पास क्षतिग्रस्त हो गई। कार पलट कर पेड़ से टकरा गई। दो युवकों टोहाना निवासी लवली मेहता और अंशित मेहता की मौत हो गई। मंत्री देवेंद्र बबली ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए सांत्वना व्यक्त की है।

बता दें कि हरियाणा सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्‍तार करते हुए मंगलवार को दो नए मंत्रियोें को मंडल में शामिल किया था। इसमें एक हिसार के बीजेपी विधायक कमल गुप्‍ता हैं तो दूसरे टोहाना के जेजेपी विधायक देवेंद्र बबली हैं। मंगलवार शाम चार बजे इन दोनों विधायकोें का चंडीगढ़ में शपथ ग्रहण समाराेह था। इसी के चलते दोनों विधायकों के समर्थक भी शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे थे। इसमें कुछ विशेष लोगों को ही शपथ ग्रहण समारोह के लिए निमंत्रण दिया गया था। इनमें टोहाना निवासी लवली मेहता, अंशित मेहता, निखिल मेहता और दक्ष भाटिया भी शामिल थे।

शपथ ग्रहण के बाद रात को ये कार से टोहाना लौट रहे थे। रात 10 बजे के करीब पंजाब के पटियाला में उनकी कार सड़क पर नील गाय आने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में लवली मेहता और अंशित मेहता की मौके पर मौत हो गई। घायल निखिल मेहता और दक्ष भाटिया को फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती करवाया गया।

दो युवाओं की एक साथ मौत होने पर स्‍वजनों का रो रो कर बुरा हाल है। किसी को नहीं पता था कि इतनी बुरी खबर सुनने को मिलेगी। वहीं दो की हालत गंभीर बनी हुई है। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो चुकी है। रात के वक्‍त हल्‍की धुंध के कारण सड़कों पर विचरण करने वाले लावारिश पशु नजर नहीं आते हैं और लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। इस मामले में भी ऐसा ही कुछ हुआ है।

टोहाना शहर के दो युवकों की हादसे में मौत के बाद नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके कहा कि मेरे बेहद करीबी साथियों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। देवेंद्र बबली ने कहा कि इस हादसे में घायल हुए युवकों के स्वस्थ होने कामना करता हूं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!