सोनीपत की दीनबंधू छोटूराम यूनिवर्सिटी, मुरथल में एमएससी की छात्रा के साथ बाथरूम में रेप की कोशिश का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर का प्यून जबरदस्ती बाथरूम में घुसा और छेड़छाड़ करते हुए रेप की कोशिश की।
उसके प्राइवेट पार्ट से भी छेड़छाड़ की। उसने विरोध किया तो मुंह दबा दिया। जान से मारने की धमकी दी। मगर, उसने किसी तरह अपने आप को बचाते हुए शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी भाग गया। इसके बाद छात्रा ने कॉलेज प्रशासन को मामले की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। फिलहाल, इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, दीनबंधू छोटूराम यूनिवर्सिटी की ओर से मामले में अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी की एमएससी की छात्रा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह 1 अक्टूबर को कॉलेज में पढ़ाई के दौरान अपने हॉस्टल के बाथरूम में थी। इस दौरान हर्ष नामक व्यक्ति, जो यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर का प्यून है, जबरदस्ती बाथरूम में घुस आया और उसके साथ रेप करने की कोशिश की।
छात्रा के मुताबिक आरोपी हर्ष ने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती कपड़े उतारने की कोशिश की और प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की। उसने विरोध किया तो उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी दी। कहा कि चिल्लाई तो जान से मार दूंगा।
छात्रा ने बताया कि उसने किसी तरह खुद को बचाया और शोर मचाया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। आरोप है कि जाते वक्त आरोपी ने किसी को बताने पर फिर से जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के जाने के बाद छात्रा ने मामले की जानकारी कॉलेज प्रशासन को दी। साथ ही अपनी मां के साथ थाना मुरथल पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी हर्ष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 62, 64(1), 75(2), 76 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। थाना मुरथल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विशेष रिपोर्ट अफसरों और इलाका मजिस्ट्रेट को भेज दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
